Jammu-Kashmir: राहुल भट के बाद अब कुलगाम में एक और कश्मीरी पंडित की हत्या, आतंकियों ने गोली मारकर ली महिला टीचर की जान

मई के महीने में दूसरी बार किसी कश्मीरी पंडित की हत्या की गई है। इससे पहले 12 मई को राहुल भट् की बडगाम जिले की चदूरा तहसील में तहसीलदार कार्यालय के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, महिला को 1990 में हुए पलायन के बाद फिर से कश्मीर में बुलाकर नौकरी दी गई थी

अपडेटेड May 31, 2022 पर 1:53 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मई के महीने में दूसरी बार किसी कश्मीरी पंडित की हत्या की गई है

Jammu-Kashmir: जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की एक और कायराना हरकत सामने आई है। सुरक्षाबलों की तरफ से चलाए जा रहे अभियानों से बौखलाए आतंकियों ने एक और कश्मीरी टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी है। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में मंगलवार को आतंकवादियों ने प्रवासी कश्मीरी पंडित टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि कुलगाम जिले के गोपालपुर में रजनी बाला (36) पर आतंकवादियों ने गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गईं। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रजनी बाला गोपालपुर में बतौर टीचर तैनात थीं।

ये भी पढ़ें- Nepal Plane Crash: नेपाल विमान हादसे में 4 भारतीयों सहित सभी 22 यात्रियों की मौत, आखिरी शव भी बरामद


महिला को 1990 में हुए पलायन के बाद पीएम इम्लॉयमेंट पैकेज के तहत फिर से कश्मीर में बुलाकर नौकरी दी गई थी। कश्मीर घाटी के स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, आतंकियों ने स्कूल में घुसकर पहले टीचर से उसका नाम पूछा और फिर उसे AK-47 से गोली मार दी।

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थितियां बनी हुई हैं। एक अधिकारी ने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है। हमलावर महिला की हत्या कर मौके से भागने में कामयाब हो गए हैं।

आपको बता दें कि मई के महीने में दूसरी बार किसी कश्मीरी पंडित की हत्या की गई है। इससे पहले 12 मई को राहुल भट् की बडगाम जिले की चदूरा तहसील में तहसीलदार कार्यालय के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।