आपने हर किसी के घर में वॉशिंग मशीन तो देखी ही होगी। ये कपड़े धोने और सुखाने के काम आती है। लोग अक्सर अपनी सहूलियत और वक्त बचाने के लिए वॉशिंग मशीन खरीदते हैं। आपने आज तक कपड़े धोने और बर्तन धोने की मशीन के बारे में सुना या पढ़ा होगा। लेकिन क्या आपने कभी ऐसी मशीन के बारे में पढ़ा या सुना जो इंसान को धो दे? जी हां, टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में दुनिया के सबसे एडवांस देश माने जाने वाले जापान ने यह नया कारनामा कर दिखाया है। जापान में एक ऐसी वाशिंग मशीन बनाई है, जो 15 से 20 मिनट के भीतर इंसान को धुल देगी।
दरअसल, जापान के इंजीनियरों ने नई और अनोखी इंसानों की धुलाई करने वाली मशीन बनाई है। उन्होंने इस मशीन का नाम मिराई निन्जेन सेंटाकुकी (Mirai Ningen Sentakuki) नाम दिया है। यह मशीन AI की मदद से पहले लोगों के शरीर का विश्लेषण करेगी। फिर उनकी जरूरत के मुताबिक शरीर को साफ करेगी।
जापान ने बनाई ह्यूमन वॉशिंग मशीन
मशीन का आविष्कार ओसका स्थित शावरहेड कंपनी साइंस ने किया है। कंपनी का दावा है कि यह वॉशिंग मशीन केवल 15 मिनट के अंदर एक व्यक्ति को पूरी तरह साफ करने की क्षमता रखती है। जल्द ही ये मशीन ओसाका कंसाई एक्सपो में प्रदर्शित की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, एक्सपो में हजारों लोग इस मशीन को यूज करेंगे। इस मशीन को लेकर दावा है कि यह सिर्फ 15 मिनट में ही "वॉश-एंड-ड्राई" सर्किल को पूरा कर लेती है। यानी यह 15 मिनट में किसी भी इंसान को नहला-धुला कर सुखा देगी। इसे पहली ह्यूमन वॉशिंग मशीन कहा जा रहा है। इस कंपनी के मुखिया आयोमा ने बताया कि वे साल 2025 में ओसाका कंसाइ एक्सपो में इस मशीन को लॉन्च करेंगे।
आखिर किस तरह काम करेगी मशीन
इस मशीन में नहाने के लिए इंसान को सबसे पहले बनाए गए पॉर्ड में बैठना होगा। इसके बाद पॉर्ड आधा गर्म पानी से भर जाएगा। इसके बाद पानी के जेट्स से हवा से बनने वाले छोटे बुलबुले बनने शुरू होंगे। इसके बाद ये बुलबुले त्वचा में मौजूद गंदगी को साफ करेंगे। वहीं, मशीन शरीर की जानकारी भी इकट्ठा करता रहेगा। मशीन ये सुनिश्चित करेगा कि शरीर के हिसाब से उचित तापमान में धुलाई हो। इंजीनियर्स के मुताबिक, ये मशीन न सिर्फ इंसान के त्वचा से गंदगी दूर करेगी बल्कि लोगों के दिमाग को भी रिलेक्स कर देगी।