एक करोड़ की Lamborghini स्पोर्ट्स कार पर लगाई आग, पैसों को लेकर हुआ था विवाद, देखें वीडियो

Lamborghini Sports car : आरोपी का दावा है कि कार के मालिक पर उसका पैसा बकाया था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। रिपोर्ट के मुताबिक मामले में मुख्य आरोपी की पहचान अहमद के रूप में हुई है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो कि तेजी से वायरल हो रहा है

अपडेटेड Apr 17, 2024 पर 6:48 PM
पैसों को लेकर विवाद के बीच हैदराबाद में 1 करोड़ रुपये की लेम्बोर्गिनी स्पोर्ट्स कार को आग लगा दी गई।

Lamborghini Sports car : पैसों को लेकर विवाद के बीच हैदराबाद में 1 करोड़ रुपये की लेम्बोर्गिनी स्पोर्ट्स कार को आग लगा दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक, पुरानी कारों की खरीद-बिक्री का कारोबार करने वाले एक शख्स ने कथित तौर पर कुछ साथियों की मदद से लग्जरी स्पोर्ट्स कार को जला दिया। आरोपी का दावा है कि कार के मालिक पर उसका पैसा बकाया था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक मामले में मुख्य आरोपी की पहचान अहमद के रूप में हुई है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो कि तेजी से वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, लेम्बोर्गिनी का मालिक अपनी गाड़ी बेचना चाहता था। उसने अपने दोस्तों से लेम्बोर्गिनी के लिए खरीदारों की तलाश करने का अनुरोध किया। यह लेम्बोर्गिनी स्पोर्ट्स कार 2009 मॉडल है, जिसे उसने 1 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस दौरान, कार मालिक का संपर्क पुरानी कारों की खरीद-बिक्री का कारोबार करने वाले अहमद से हुआ। इस बीच लेनदेन को लेकर कार मालिक और अहमद के बीच विवाद हो गया।


इसके बाद अहमद ने लेम्बोर्गिनी स्पोर्ट्स कार को जलाने का फैसला किया। उसने लेम्बोर्गिनी के मालिक के एक दोस्त को फोन किया और उन्हें कार को एक निश्चित जगह पर लाने के लिए कहा। पुलिस ने बताया कि जब 13 अप्रैल की शाम को कार को हैदराबाद के बाहरी इलाके में ममीदिपल्ली रोड पर लाया गया, तो आरोपी ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर कार में पेट्रोल डालकर इसे जला दिया।

शिकायत दर्ज

घटना शनिवार की है। कार में आग लगने का फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचने से पहले ही कार पूरी तरह जल चुकी थी। बाद में फायर डिपार्टमेंट द्वारा आग बुझाई गई। शिकायत के आधार पर आरोपी पर आईपीसी की धारा 435 (नुकसान पहुंचाने के इरादे से आग या विस्फोटक पदार्थ द्वारा शरारत) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने कहा कि पूरी जानकारी जांच के बाद पता चलेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।