'जान बचाने के लिए धर्म परिवर्तन करना चाहता था परिवार!' लखनऊ में शख्स ने ली अपनी मां और 4 बहनों की जान, बोला- मैंने उनकी इज्जत बचाई
वीडियो में अरशद ने कहा कि उसने अपनी मां और तीन बहनों को मार डाला। उसने शव भी दिखाए और कहा कि उसने उनका गला दबाया और उनकी कलाइयां काट दीं और उसके पिता ने इसमें उसकी मदद की। पीड़ितों की पहचान उसकी मां अस्मा और बहनें 9 साल की आलिया, 19 साल की अलशिया, 16 साल की अक्सा और 18 साल की रहमीन के रूप में की गई है
MoneyControl News
अपडेटेड Jan 01, 2025 पर 4:49 PM
लखनऊ में शख्स ने ली अपनी मां और 4 बहनों की जान, बोला- मैंने उनकी इज्जत बचाई
लखनऊ के एक होटल में अपनी मां और चार बहनों की हत्या के आरोपी 24 साल के शख्स ने एक रोंगटे खड़े कर देने वाले वीडियो भी बनाया। इसमें उसने कहा है कि उसने ये हत्याएं इसलिए कीं क्योंकि वह नहीं चाहता था कि उसकी "बहनें बेच दी जाएं"। ये वीडियो इस दिल दहला देने वाले अपराध के कुछ घंटों बाद सामने आया। इसमें अरशद ने आरोप लगाया कि उसके गृहनगर बदायूं में पड़ोसियों और भू-माफियाओं ने उनके घर पर कब्जा कर लिया और उसकी बहनों की तस्करी करने की योजना बनाई।
वीडियो में अरशद ने कहा कि उसने अपनी मां और तीन बहनों को मार डाला। उसने शव भी दिखाए और कहा कि उसने उनका गला दबाया और उनकी कलाइयां काट दीं और उसके पिता ने इसमें उसकी मदद की। पीड़ितों की पहचान उसकी मां अस्मा और बहनें 9 साल की आलिया, 19 साल की अलशिया, 16 साल की अक्सा और 18 साल की रहमीन के रूप में की गई है।
अरशद को घटनास्थल से गिरफ्तार किया गया था। उसने कहा, "हमारे परिवार ने पड़ोस के लोगों के उत्पीड़न के कारण यह कदम उठाया है। मैंने अपनी मां और बहनों को मार डाला है। जब पुलिस को यह वीडियो मिलेगा, तो उन्हें पता होना चाहिए कि स्थानीय लोग जिम्मेदार हैं। उन्होंने हमारे घर पर कब्जा करने के लिए हमें परेशान किया। हमने अपनी आवाज उठाई, लेकिन किसी ने नहीं सुना। 15 दिन हो गए हम फुटपाथ पर सो रहे हैं, हम नहीं चाहते कि बच्चे ठंड में भटकें। उन्होंने हमारे घर पर कब्जा कर लिया है।"
वीडियो में युवक ने कहा कि परिवार धर्म परिवर्तन करना चाहता है और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। उसने कथित तौर पर मौतों के लिए जिम्मेदार कई लोगों के नाम भी लिए, जिसमें रानू, आफताब, अलीम खान, सलीम, आरिफ, अहमद और अजहर शामिल हैं।
उसने आगे कहा, "वे भू-माफिया हैं, वे लड़कियां भी बेचते हैं। उन्होंने हम दोनों (उसे और उसके पिता) को झूठे मामले में फंसाने और हमारी बहनों को बेचने की योजना बनाई। हम ऐसा नहीं चाहते थे। इसलिए मुझे अपनी बहनों को गला घोंटकर और उनकी कलाइयां काटकर मारने के लिए मजबूर होना पड़ा।"
इसके बाद अरशद ने अपनी मां और बहनों के शव दिखाए। उसने कहा, "हो सकता है कि मैं सुबह तक जिंदा न रहूं।" क्योंकि उसने भी आत्महत्या करके जान देने की योजना बनाई थी। अरशद ने बताया, "हम बदायूं से हैं, मेरी चाची के पास (घर का) 1947 का सबूत है। उन्होंने हमारे बारे में झूठ फैलाया कि हम बांग्लादेशी हैं।"
अरशद ने वीडियो में कहा कि परिवार शांति से रहने के लिए धर्म परिवर्तन करना चाहता है। उसने न्याय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और CM योगी से अनुरोध करते हुए कहा, "हमने मदद के लिए कई लोगों से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने हमारी मदद नहीं की। अब मेरी बहनें मर रही हैं और मैं थोड़ी देर में मर जाऊंगा। लेकिन भारत में किसी भी परिवार को ऐसा करने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।
लड़क ने कहा, "मैं हाथ जोड़कर विनती करता हूं, हमें जिंदगी में तो न्याय नहीं मिला, कम से कम हमें मौत में तो न्याय दो। उन्हें सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। उनके तार नेताओं और पुलिस से जुड़े हुए हैं। उन्होंने हमारी आधी जमीन पर कब्जा कर लिया और बाकी पर कब्जा करना चाहते थे।"
अरशद ने यह भी कहा कि उनकी जमीन पर एक मंदिर बनना चाहिए और उनका सामान किसी अनाथालय को दान कर देना चाहिए ताकि हमारी आत्मा को खुशी मिले। उसने कहा, "मैंने उन्हें अपने पिता के साथ मार डाला। मेरे पास क्या विकल्प था? उन्हें हैदराबाद में बेचा जा रहा है?"
उसने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा, "सुनिश्चित करें कि उन्हें न्याय मिले। उन्होंने आज बहुत संघर्ष किया। हमने उनकी इज्जत बचाई है।"
इससे पहले, DCP, सेंट्रल लखनऊ, रवीना त्यागी ने कहा कि हत्याएं होटल शरणजीत में की गईं। उन्होंने कहा, "आरोपी की पहचान 24 साल के अरशद के रूप में हुई है, जिसने कथित तौर पर अपने ही परिवार के पांच सदस्यों की हत्या कर दी। इस भयानक कृत्य के बाद, स्थानीय पुलिस ने तुरंत आरोपी को अपराध स्थल से पकड़ लिया।"