प्रयागराज में इस बार महाकुंभ को भव्य बनाने की तैयारी बड़े पैमाने पर चल रही है। हर एक विभाग पूरी तरह से तैयारी में जुटा है। इस बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं के बड़ा ऐलान किया है। वैष्णव ने कहा कि महाकुंभ मेले के दौरान 13,000 ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसमें 3000 विशेष ट्रेनें शामिल हैं। महाकुंभ 2025 में करीब डेढ़ करोड़ से दो करोड़ श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आने की उम्मीद है। उनकी बेहतर आवाजाही के लिए इंडियन रेलवे ने बड़े पैमाने पर तैयारी की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रेलवे कामकाज का निरीक्षण करने आए थे।
वैष्णव ने प्रयागराज में गंगा ब्रिज का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने स्टेशन पर जो री-डेवलपमेंट का काम हुआ है उसका भी जायजा लिया। यहां रेलवे स्टेशन पर 12 नए फुटओवर ब्रिज बनाए गए हैं। इसके अलावा टोटल 23 परमानेंट होल्डिंग एरिया बने हैं। वहीं महाकुंभ के दौरान मोबाइल टिकटिंग का भी उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा QR कोड लगाए जाएंगे, जिससे टिकट को डायरेक्ट ऐप के जरिए डाउनलोड किया जा सके।
प्रयागराज में 5000 करोड़ से ज्यादा खर्च
महाकुंभ 2025 की तैयारियों पर रेलवे अकेले प्रयागराज में ही पिछले 2 साल में 5000 करोड़ से अधिक की धनराशि खर्च कर चुका है। यह जानकारी प्रयागराज पहुंचे केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी है। प्रयागराज में 100 साल बाद गंगा नदी पर पुल बना है। इस पुल का पीएम मोदी उद्घाटन करेंगे। रेल मंत्री ने बताया कि 5 स्टेशनों में तैयारी की जायजा लिया है। इसमें इन स्टेशनों के होल्डिंग एरिया का निरीक्षण करना बाकी है। यहां श्रद्धालु बैठकर अपनी ट्रेन का इंतजार कर सकते हैं। उन्होंने आगे बताया कि होल्डिंग एरिया और टिकट में कलर कोडिंग का इस्तेमाल किया गया है। ताकि श्रद्धालु सही प्लेटफार्म पर पहुंच सकें और सही ट्रेन पकड़ सकें।
महाकुंभ मेले में मोबाइल UTS लॉन्च
रेल मंत्री ने गे बताया कि प्रयागराज में पहली बार मोबाइल अनरिजर्व्ड टिकट सिस्टम (UTS) लॉन्च किया गया है। इससे पहले पुरी रथ यात्रा के मौके पर इस फीचर को पेश किया गया था। बता दें कि महाकुंभ मेले की शुरुआत 13 जनवरी 2025 को पौष पूर्णिमा के दिन से शुरू होगा। वहीं इसका समापन 26 फरवरी 2025 को महाशिवरात्रि के दिन होगा।
महाकुंभ 2025 को देखते हुए पहली बार छोटी दूरी के लिए बड़ी संख्या में मेमू ट्रेन का इंतजाम किया जा रहा है। महाकुंभ 2025 की रेगुलर गाड़ियों में दोनों तरफ इंजन लगाया जाएगा। जिससे समय की बचत होगी। वहीं श्रद्धालुओं और रेलयात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। बनारस से प्रयागराज के बीच रेल ट्रैक के दोहरीकरण से ट्रेनों की स्पीड बढ़ी है।
13 को प्रयागराज आ सकते हैं पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 13 दिसंबर को प्रयागराज आ सकते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव महाकुम्भ की तैयारियों का जायजा लेने प्रयागराज पहुंचे थे। उन्होंने प्रयागराज में सबसे पहले झूंसी रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों और महाकुंभ 2025 की तैयारियों का निरीक्षण किया।