India’s Got Latent Row: कॉमेडियन समय रैना और यूट्यूबर-पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया इस समय चर्चा में बने हुए हैं। समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में रणवीर इलाहाबादिया द्वारा पैरेंट रिलेशनशिप पर किए गए भद्दे कमेंट के बाद काफी बवाल मचा हुआ है। वहीं इस बयान के बाद समय रैना,रणवीर इलाबाबिया के साथ-साथ शो में मौजूद सभी जजों पर केस दर्ज हो गया है। वहीं इस मामले पर पुलिस के साथ ही साथ राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी एक्शन लिया है। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने शो में मौजूद सभी जजों को फिर से नोटिस भेजा है तो वहीं मुंबई साइबर सेल ने भी समय रैना को किसी भी तरह की छूट देने से इनकार कर दिया है।
बता दें कि ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के चलते यूट्यूबर समय रैना, अपूर्वा मुखीजा और रणवीर अल्लाहबादिया को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने फिर से तलब किया है। उन्हें 17 फरवरी को दोपहर में नई दिल्ली स्थित NCW कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। ये समन सभी के गैरहाजिरी के बाद जारी किए गए। बता दें कि समय रैना ने राष्ट्रीय महिला आयोगके सामने पेश होने के लिए समय मांगा था। समय रैना का कहना था कि वो अपने शो के कारण इस समय देश से बाहर हैं और इसलिए उन्हें पेश होने के लिए कुछ समय दिया जाए। राष्ट्रीय महिला आयोग ने अपने नोटिस में कहा कि, "आयोग ने इन कारणों पर ध्यान से विचार किया है और अब उन व्यक्तियों को सम्मन का पालन करने का समय देने के लिए सुनवाई की तारीख फिर से तय की है।"
बता दें कि अब राष्ट्रीय महिला आयोग ने रणवीर इलाहाबादिया और अपूर्वा मुखीजा को अब 6 मार्च को बुलाया है जबकि समय रैना को 11 मार्च को सुनवाई के लिए बुलाया गया है। एनसीडब्ल्यू ने कंटेंट क्रिएटर जसप्रीत सिंह, आशीष चंचलानी, शो के निर्माता तुषार पुजारी और उद्यमी बलराज सिंह घई को भी समन की नई तारीखें दी हैं, जो आमतौर पर शो में समय रैना के साथ होते हैं। जसप्रीत सिंह को अब 11 मार्च को बुलाया गया है, जबकि आशीष चंचलानी को 6 मार्च को बुलाया गया है। तुषार को 6 मार्च को और घई को 11 मार्च को बुलाया गया है।
एनसीडब्ल्यू ने शो में रणवीर इलाहाबादिया और बाकी लोगों द्वारा की गई भद्दे कमेंट पर चिंता जताई थी। आयोग ने उन्हें 17 फरवरी को बुलाया था। हालांकि, अल्लाहबादिया ने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी, लेकिन विवाद अभी भी खत्म नहीं हुआ और उनके खिलाफ और शो से जुड़े लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई।
इसी बीच यूट्यूबर समय रैना ने महाराष्ट्र साइबर सेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए अपना बयान दर्ज करने का अनुरोध किया है। रैना अभी देश से बाहर हैं और इसलिए उन्होंने यह अनुरोध किया है। वहीं महाराष्ट्र साइबर सेल ने उन्हें कोई राहत देने से इनकार कर दिया और कहा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से अपना बयान दर्ज कराना होगा। उन्हें कल, 18 फरवरी को अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है।