मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 10 मार्च को मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ (नवी मुंबई) और रत्नागिरी के लिए हीटवेव की चेतावनी जारी की है। आने वाले दिनों में भीषण गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। गर्म हवाओं के थपेड़ों ने शहर की रफ्तार को धीमा कर दिया है, वहीं चिलचिलाती धूप ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया है। तापमान तेजी से बढ़ रहा है और मौसम विभाग का कहना है कि ये सिलसिला जारी रह सकता है।