महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के नवी मुंबई को 21वीं सदी का आधुनिक शहर कहा जाता है। लेकिन महिला दिवस के दिन यहां एक ऐसा मामला सामने आया है। जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। नवी मुंबई के ऐरोली के सेक्टर - 4 में पर्पल बटरफ्लाई (Purple Butterfly) होटल में कुछ महिलाएं मंचूरियन खाने गईं। इसके बाद एक महिला की प्लेट में मरा हुआ चूहा मिला। यह देखते ही महिलाओं ने फौरन होटल मालिक से शिकायत की। लेकिन होटल मालिक अपनी गलती मानने को राजी नहीं हुआ। इसके बाद महिलाओं ने जमकर हंगामा काटा। इसके बाद पुलिस ने होटल मालिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है।
महिलाओं ने कई डिशेस ऑर्डर की थी। यह घटना 8 मार्च की बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज किया और होटल का निरीक्षण किया। अब महिलाएं आगे की कार्रवाई करने के लिए खाद्य विभाग से संपर्क करने की तैयारी कर रही हैं। ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि होटल प्रबंधन के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
मंचूरियन की प्लेट में मिला मरा चूहा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर खुशियां मनाने के लिए महिलाओं का एक ग्रुप घूमने गया था। इसके बाद ग्रुप ने निर्णय लिया कि वे सभी पर्पल बटरफ्लाई होटल में जाकर डिनर करेंगी। सभी महिलाएं होटल में गईं और वहां उन्होंने कई तरह की डिशेश मंगवाई थी। जब वे मंचूरियन खा रही थीं, तभी उन्हें खाने में चूहे का बच्चा नजर आया। उन्होंने मैनेजर से इसकी शिकायत की तो होटल कर्मचारी एक-दूसरे पर गलती डालकर बचने को कोशिश करने लगे। वहीं दूसरी डिश भी देने लगे, लेकिन उनके इस व्यवहार से महिलाएं नाराज हो गईं। उन्होंने पुलिस स्टेशन जाकर मामला दर्ज करवाया।
फोटो देखकर पुलिस ने दर्ज किया मामला
महिलाओं ने रबाले पुलिस स्टेशन में जाकर होटल मैनेजमेंट के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने महिलाओं द्वारा दिखाए गए फोटो के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। होटल का निरीक्षण किया। महिलाओं का कहना है कि होटल मालिक को सबक सिखाना जरूरी है।