Neeraj Chopra: टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने जीता एक और सोना, फिनलैंड में लहराया तिरंगा

नीरज चोपड़ा ने फिनलैंड में भी जारी कुओर्टेन गेम्स में अपनी पहली ही बारी में 86.69 मीटर दूर भाला फेंक दिया था, जिसके आसपास कोई भी नहीं आ सका

अपडेटेड Jun 18, 2022 पर 11:34 PM
Neeraj Chopra ने मौजूदा विश्व चैम्पियन एंडरसन पीटर्स को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है

टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) ने फिनलैंड में जारी कुओर्टेन गेम्स में भी (Kuortane Games in Finland) गोल्ड मेडल जीत लिया है। इस गेम्स में 86.69 मीटर के थ्रो के साथ चोपड़ा ने मौजूदा विश्व चैम्पियन एंडरसन पीटर्स (Anderson Peters) को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है।

गेम्स में नीरज ने अपने पहले ही प्रयास में 86.69 मीटर दूर भाला फेंका, जो कि निर्णायक साबित हुआ। कुओर्टेन गेम्स में शामिल कोई भी दूसरा खिलाड़ी इतनी दूर भाला नहीं फेंक पाया। इस दौरान नीरज चोपड़ा चोटिल होने से भी बच गए। दरअसल, जब वह थ्रो फेंक रहे थे, तो अचानक उनका पैर फिसल गया। हालांकि, वह फिर से उठ खड़े हो गए।


नीरज चोपड़ा के इस कमाल पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी काफी खुश हैं। अनुराग ठाकुर ने नीरज चोपड़ा का एक वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि नीरज को गोल्ड मिला है, उन्होंने फिर से कमाल कर दिखाया है। क्या अविश्वसनीय चैंपियन हैं!

इससे पहले इसी महीने पावो नुरमी गेम्स में 89.30 मीटर का थ्रो करके नेशनल रिकॉर्ड बनाया था। फैंस को उम्मीद थी कि वह अपना रिकॉर्ड तोड़ेंगे लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो सका। 89.30 मीटर का थ्रो करने के बाद भी पावो नुरमी में नीरज को सिल्वर से संतोष करना पड़ा था। वह 90 मीटर से सिर्फ 70 सेंटीमीटर से चूक गए थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।