New Year 2023: Covid-19 के बढ़ते मामलों और नए साल के जश्न (New Year Celebration), दोनों एक ही समय पर हो रहे हैं, ऐसे में अधिकारियों की बेचैनी बढ़ गई है। जबकि दिल्ली, मुंबई और दूसरे प्रमुख शहरों में सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। पुलिस यह भी सुनिश्चित कर रही है कि भीड़ खींचने के लिए डिजाइन की गई जगह पर भीड़भाड़ न हो।
मनाली में बर्फबारी और अटल सुरंग देखने की दीवानगी और शिमला शहर में बिना बुकिंग के पर्यटक वाहनों के प्रवेश निषेध ने नए साल पर हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पर्यटकों की संख्या बढ़ा दी है।
पर्यटकों की संख्या में लगभग 90 प्रतिशत की बढ़ोतरी
मनाली होटलियर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने बाताया कि अटल सुरंग (रोहतांग) में पर्यटक आ रहे हैं, इससे लाहौल स्पीति और कुल्लू जिलों में पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा मनाली में बर्फबारी भी पर्यटकों के बीच प्रमुख आकर्षण है। उन्होंने बताया कि पर्यटकों की संख्या में लगभग 90 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
उन्होंने कहा कि सोलंग में गोंडोला, हामटा में इग्लू, मनाली और उसके आसपास शीलकालीन खेल गतिविधियां, अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एलाइड स्पोटर्स मनाली द्वारा पेश किए जाने वाले ‘स्कीइंग’ और ‘स्नोबोर्डिंग’ भी पर्यटकों के बीच आकर्षण का प्रमुख केंद्र है ।
हालांकि, उन्होंने कहा कि गाड़ियों की संख्या बढ़ जाने से ये कमरे में भर जाने का अनुमान लगाना सही नहीं होता है। क्योंकि राज्य के बाहर से बड़ी संख्या में लोगों ने लीज पर प्रॉपर्टी ली हुई है और बिना रजिस्ट्रेशन के घरों में टूरिस्ट के लिए स्टे और रूम की सर्विस चलाई जा रही है। ठाकुर ने कहा कि ये अवैध संपत्तियां भारी छूट पर कमरे उपलब्ध करा रही हैं।
मुंबई नए साल की पूर्व संध्या के लिए तैयार
मुंबई दो साल के बाद बिना किसी COVID-19 प्रतिबंध के नए साल के उत्सव के लिए तैयार है। पुलिस ने शनिवार को किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए शहर भर में सुरक्षा बढ़ा दी है।
इसके अलावा, नए साल की पूर्व संध्या पर मुंबईकरों के लिए सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए, रेलवे और बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (BEST) ने 31 दिसंबर की आधी रात के बाद विशेष सेवाओं की घोषणा की है।
नए साल के जश्न के लिए UP पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
नए साल के जश्न से पहले सुरक्षा कड़ी करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस ने सभी सुरक्षाकर्मियों को निर्देश जारी किए हैं। राज्य में किसी भी तरह की कानून व्यवस्था की स्थिति को रोकने के लिए भीड़भाड़ वाली जगहों पर पर्याप्त संख्या में पेट्रोलिंग वाहनों को तैनात किया है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP), कानून और व्यवस्था, प्रशांत कुमार ने कहा, "नए साल को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए हमने सभी पुलिस कर्मियों को राज्यवार निर्देश जारी किए हैं। हमने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि राज्य में खासतौर से मॉल, बाजार, क्लब और बार में कोई हंगामा न हो।"
उन्होंने कहा, “हमने इन जगहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को तैनात किया है, दोनों वर्दी और सादे पोशाक में। इसके अलावा, शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामलों की जांच के लिए पुलिस टीमों को हर प्रमुख चौराहे पर ब्रेथ एनालाइजर के साथ रखा जाएगा।"