Noida Airport Trial: उत्तर प्रदेश के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहले विमान की सफल लैंडिंग हुई है। देश की राजधानी से दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से इंडिगो का एक परीक्षण विमान नोएडा के जेवर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। एयरपोर्ट पर फ्लाइट की सफलतापूर्वक लैंडिंग हुई। अधिकारियों ने बताया कि विमान की लैंडिंग आज दोपहर 1 से 2 बजे के बीच हुई है। लैंडिंग के बाद इंडिगो विमान को वाटर कैनन से सलामी दी गई है। आज की उड़ान में कोई भी यात्री इस विमान पर सवार नहीं थे फ्लाइट में केवल क्रू मेंबर्स ही सवार थे।
यह परीक्षण उड़ान दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से उड़ान भरकर कुछ ही मिनटों में जेवर एयरपोर्ट पहुंच गई। अधिकारियों ने बताया कि "विमान 1.5 से 2 घंटे तक हवा में रहा और फिर आखिरकार एयरपोर्ट पर लैंडिंग करवाया गया।"
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने सभी सुरक्षा जांच पूरी करने के बाद विमान को जेवर एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति दे दी। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट का ट्रायल रन 15 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान फ्लाइट के द्वारा जेवर एयरपोर्ट के डाटा को DGCA रिकॉर्ड करेगा। एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट के लैंडिंग से पहले अधिकारियों ने कहा था, "जेवर एयरपोर्ट पर उतरने से पहले पायलट और एटीसी के बीच कोऑर्डिनेशन की बारीकी से निगरानी की जाएगी। सभी सुरक्षा जांच के बाद फ्लाइनट को रनवे पर उतारा जाएगा।"
अधिकारियों ने बताया कि अगर आज परीक्षण सफल होता है, तो जेवर एयरपोर्ट को अप्रैल 2025 से वाणिज्यिक उड़ान संचालन शुरू करने की मंजूरी दे दी जाएगी। उन्होंने आगे कहा, जेवर एयरपोर्ट पर रनवे को स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख एयरपोर्ट अथॉरिटी के सहयोग से डिजाइन किया गया है।" जेवर एयरपोर्ट पर रनवे लगभग 3.9 किलोमीटर लंबा है। आपको बता दें नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट वहीं दुनिया में यह चौथा सबसे बड़ा एयरपोर्ट है।