Odisha Road Accident: सरकारी बस बिजली के खंबे से टकराई, लगा करंट का झटका, 20 लोग झुलसे

Odisha Road Accident: ओडिशा में जगन्नाथ एक्सप्रेस बस बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई, जिससे पूरे वाहन में हाई-वोल्टेज करंट दौड़ गया। हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हुए, जिनमें दो की हालत गंभीर है। दुर्घटना का संभावित कारण ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया

अपडेटेड Feb 22, 2025 पर 5:41 PM
Odisha Bus Accident: बस के पलटने के बाद उतर आया करंट, 20 हुए घायल

ओडिशा में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने यात्रियों की जान पर बन आई। सुंदरगढ़ से पुरी जा रही राज्य सरकार की जगन्नाथ एक्सप्रेस अचानक अनियंत्रित होकर 33 केवी के हाई-वोल्टेज बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस पलट गई और पूरे वाहन में करंट दौड़ गया। अंधेरी रात में हुई इस घटना से चीख-पुकार मच गई। यात्रियों ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक कई लोग इसकी चपेट में आ चुके थे। हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें राउरकेला रेफर किया गया।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया, जिससे कई जिंदगियां बच सकीं। दुर्घटना का कारण ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस जांच जारी है।

रात 12:30 बजे हुआ हादसा, बस में थे 50 से ज्यादा यात्री


यह घटना रात करीब साढ़े 12 बजे राज्य राजपथ-10 पर महुलपदा थाना क्षेत्र के मुचुरनाली गांव के पास हुई। जगन्नाथ एक्सप्रेस बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे और यह सुंदरगढ़ से पुरी की ओर जा रही थी। अचानक बस नियंत्रण खो बैठी और बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर के कारण बस पलट गई और हाई-वोल्टेज करंट बस में फैल गया, जिससे यात्री झुलस गए।

20 से अधिक यात्री घायल

दुर्घटना में 20 से अधिक यात्री जख्मी हुए हैं। इनमें से एक महिला करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई, जिसके चलते उसकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए बणई अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद मामूली रूप से घायल यात्रियों को छुट्टी दे दी गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल महिला समेत दो यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर किया गया है।

ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा?

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हादसा बस चालक को झपकी आने के कारण हुआ। हालांकि, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने घायलों को बचाने में की मदद

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। इस हादसे ने सड़क सुरक्षा और ड्राइवरों की सतर्कता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच जारी, बस परिवहन व्यवस्था पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद राज्य सरकार के बस परिवहन सिस्टम पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस घटना की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दुर्घटना ड्राइवर की गलती से हुई या फिर किसी अन्य तकनीकी कारण से।

Bengaluru News: महिला को बहला-फुसलाकर ले गए होटल, फिर छत पर चार लोगों ने किया गैंगरेप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।