Monsoon 2022: अब मानसून के उत्तर की ओर शिफ्ट होने की संभावना, IMD प्रमुख ने बताया यूपी-बिहार में कब होगी बारिश

एक तरफ यूपी-बिहार में लोग बारिश के लिए तरस रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर देश के कई राज्यों में भारी बारिश जारी है। मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में भारी बारिश हो रही है। महाराष्ट्र और गुजरात में आज भी भारी बारिश का सिलसिला जारी है

अपडेटेड Jul 15, 2022 पर 2:07 PM
Story continues below Advertisement
18 जुलाई को उत्तर प्रदेश में बारिश होगी। वहीं, 14 से 16 जुलाई के बीच पूर्वी राजस्थान में बारिश की संभावना है

देश के कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ का प्रकोप जारी है। खासतौर पर महाराष्ट्र और गुजरात में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन ठप कर दिया है। वहीं, दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश नहीं होने से एक तरफ गर्मी तो दूसरी ओर किसानों को परेशानी हो रही है। ऐसे में मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि दोनों में बहुत जल्द मानसून सक्रिय हो जाएगा। इसके बाद झमाझम बारिश भी होगी।

इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के मैनेजिंग डायरेक्टर एम महापात्रा ने News18 को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि अब मानसून के उत्तर भारत की ओर शिफ्ट होने की संभावना है। साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार में जल्द ही भारी बारिश होने की संभावना है।

18 जुलाई को यूपी में दस्तक दे सकता है मानसून


IMD के मुताबिक, 18 जुलाई से उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चलेगी और गरज के साथ छीटे पड़ंगे। मौसम विभाग के मुताबिक, 18 जुलाई को यूपी में बारिश होगी। वहीं, 14 से 16 जुलाई के बीच पूर्वी राजस्थान में बारिश की संभावना है।

ये भी पढ़ें- Sri Lanka Crisis: गोटाबाया राजपक्षे के बाद अब कौन होगा श्रीलंका का नया राष्ट्रपति? ये 3 नाम रेस में है सबसे आगे

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में मानसून 18 जुलाई के बाद ही सक्रिय हो जाएगा। फिलहाल, इसके पहले बारिश होने की संभावना नहीं है। IMD प्रमुख के अनुसार, बीते एक सप्ताह से मानसून की ट्रफ रेखा लगभग एक ही स्थान से गुजरने के कारण बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में बारिश नहीं हो पा रही है। अभी 17 जुलाई तक स्थिति ऐसी ही रहेगी।

उन्होंने बताया कि 18 जुलाई के बाद बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) में बदलाव आने की उम्मीद है। इसके बाद ही यूपी-बिहार में बारिश की संभावना बनती दिख रही है। महापात्रा ने कहा कि हमने चीजों को पारदर्शी बनाने की कोशिश की है। जब लोगों ने पूछा कि दिल्ली में बारिश कब होगी, तो हमने जो डेटा जारी किया वैसा ही हुआ। 30 जून को मानसून की शुरुआत के बाद से, 1, 2, 4 और 12 जुलाई को व्यापक बारिश हुई है और अन्य दिनों में छिटपुट या छिटपुट बारिश हुई है।

5 राज्यों में अभी हो रही भारी बारिश

एक तरफ जहां यूपी-बिहार में लोग बारिश के लिए तरस रहे हैं, वहीं दूसरी ओर देश के कई राज्यों में भारी बारिश जारी है। मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में भारी बारिश हो रही है। महाराष्ट्र और गुजरात में आज भी बादल बरस रहे हैं। दोनों राज्यों में बारिश आफत बनकर टूट रही है। गुजरात में स्थिति अधिक गंभीर होती दिख रही है। दोनों राज्यों में बारिश अब तक सैकड़ों जानें ले चुकी है। गुजरात में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

महाराष्ट्र के तमाम जिलों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिससे बाढ़ और जलभराव हो गया है। इस बीच, IMD ने आज पालघर जिले, पुणे और सतारा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र में बारिश से संबंधित घटनाओं में गुरुवार को चार लोगों की मौत हो गई, जिससे मौजूदा मानसून सीजन (1 जून से) में मरने वालों की संख्या 99 हो गई है। मौसम विभाग ने बताया कि भारी बारिश का सिलसिला अभी दोनों राज्यों में जारी रहेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।