संसद में उठा मुद्दा और कई राज्यों में FIR...रणबीर इलाहाबादिया और समय रैना मामले में जानिए 24 घंटे में क्या-क्या हुआ

Ranveer Allahbadia And Samay Raina : कॉमेडियन समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में परेंट रिलेशन पर भद्दे और विवादित कमेंट करने के बाद यूट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया का मुश्किलें बढ़ गई हैं। एक ओर जहां ये मामला संसद तक पहुंच गया है, तो वहीं रणवीर और समय रैना के खिलाफ कई राज्यों में FIR भी दर्ज की जा चुकी है। आइए जानते हैं पिछले 24 घंटे में इस मामले में अबतक क्या-क्या हुआ है

अपडेटेड Feb 11, 2025 पर 12:57 PM
रणबीर इलाहाबादिया और समय रैना की बढ़ी मुश्किलें

Ranveer Allahbadia And  Samay Raina : कॉमेडियन समय रैना के शो India’s Got Latent पर उठा तूफान थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। शो एक एपिसोड में पेरेंट रिलेशन पर काफी अश्लील और भद्दे कमेंट किए गए थे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर काफी बवाल मचा। इस शो के नए एपिसोड में बेहद भद्दा कमेंट यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया ने किया था। इस कमेंट के बाद णवीर इलाहाबादिया और समय रैना के शो की पूरी टीम के खिलाफ दिल्ली और मुंबई में केस भी दर्ज कर किया गया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा ने भी बताया कि टीम के खिलाफ असम में भी केस दर्ज किया गया है। वहीं अब ये मुद्दा संसद में भी उठाया गया है।

  1. संसद के बजट सत्र के दौरान रणवीर इलाहाबादिया के विवादित बयान का मुद्दा उठा। इसके बाद से ही उम्मीद जताई जा रही है कि संसदीय समित उन्हें तलब कर सकती है। इस मामले पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने यूट्यूब को नोटिस जारी किया था। साथ ही राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने भी वीडियो हटाने की मांग की थी। वहीं विवाद को बढ़ता देख कॉन्ट्रोवर्शियल एपिसोड को अब YouTube से हटा दिया गया है।
  2. इस मामले में बीजू जनता दल के सांसद सस्मित पात्रा ने कहा, 'बयान यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। संचार और आईटी पर संसदीय स्थायी समिति के सदस्य के रूप में मैं इस मामले को समिति में उठाने जा रहा हूं। हम जल्द ही एक बैठक करने जा रहे हैं। यह इसलिए गंभीर है, क्योंकि कई युवा संवेदनशील दिमाग ऐसे यूट्यूबर्स को फॉलो करते हैं।'
  3. वहीं शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि, वे इस मुद्दे को उठाएंगी। उन्होंने कहा कि कॉमेडी के नाम पर अभद्र भाषा स्वीकार्य नहीं है। रणवीर इलाहाबादिया के लाखों सब्सक्राइबर हैं, बड़े राजनेता उनके पॉडकास्ट में आ चुके हैं और उन्हें प्रधानमंत्री से पुरस्कार भी मिला है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय की समिति के सदस्य के रूप में, वे इस मामले पर सवाल उठाएंगी।
  4. मुंबई और गुवाहाटी में रणवीर इलाहाबादिया, कॉमेडियन समय रैना, इन्फ्लुएंसर अपूर्व मखीजा और इंडियाज गॉट लैटेंट शो से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज हुई है। शिकायत में इलाहाबादिया की अभद्र टिप्पणी को लेकर आपत्ति जताई गई है।
  5. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि रणवीर इलाहाबादिया, आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह, अपूर्व मखीजा, समय रैना और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। इन पर अश्लीलता फैलाने और आपत्तिजनक बातचीत करने का आरोप है।
  6. मुंबई में रणवीर इलाहाबादिया के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज हुई हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 4.5 मिलियन फॉलोअर्स और यूट्यूब पर 1.05 करोड़ सब्सक्राइबर हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और इलाहाबादिया व समय रैना को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
  7. इलाहाबादिया पर कमेंट पर विवाद के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि, उन्हें इस मामले की जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा, "हर किसी को बोलने की आज़ादी है लेकिन यह आज़ादी तब खत्म हो जाती है जब हम दूसरों की आज़ादी का अतिक्रमण करते हैं। हर किसी की अपनी सीमाएं होती हैं, अगर कोई उन्हें पार करता है तो कार्रवाई की जाएगी।"
  8. बता दें कि यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया, हाल ही में इंडियाज गॉट लैटेंट शो में नजर आए। शो के एक वायरल हो रहे क्लिप में, वह एक कंस्टेंट से आपत्तिजनक सवाल पूछते दिख रहे हैं, जिससे विवाद खड़ा हो गया है।
  9. विवाद बढ़ने के बाद रणवीर इलाहाबादिया ने माफी मांग ली। उन्होंने एक वीडियो में कहा, "मेरा कमेंट गलत था और यह मज़ेदार भी नहीं था। कॉमेडी मेरा शौक नहीं है, मैंने गलती की और इसके लिए माफी मांगता हूँ।" पॉडकास्टर ने कहा कि उनका इरादा अपने प्लेटफॉर्म का गलत इस्तेमाल करने का नहीं था। उन्होंने कहा, "मैं कोई बहाना नहीं बनाऊंगा, बस माफी मांगने आया हूँ। यह मेरी गलती थी और मैंने गलत फैसला लिया।"
  10. इस विवाद के बाद घटिया कॉमेडी कंटेंट की जमकर आलोचना हो रही है। सिंगर बी प्राक ने इलाहाबादिया के शो में जाने से भी मना कर दिया है और स्टैंड-अप कॉमेडियंस को कंटेंट के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।