Russia-Ukraine War: यूक्रेन-रूस युद्ध का आज (14 मार्च) 19वां दिन है। इस बीच अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन से जारी युद्ध के बीच रूस ने चीन से सैन्य सहायता मांगी है। मीडिया रिपोर्ट्स में एक वरिष्ठ अमेरिकी सैन्य अधिकारी की ओर से यह दावा किया गया है कि रूस ने सैन्य के अल्वा ड्रोन की भी चीन से मदद मांगी है।
फाइनेंशियल टाइम्स और वाशिंगटन पोस्ट ने रविवार को अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि रूस ने यूक्रेन पर 24 फरवरी के आक्रमण के बाद से चीन से सैन्य उपकरण मांगे हैं। हालांकि, वॉशिंगटन में चीनी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि रूस के मदद मांगने को लेकर उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक रूस ने यूक्रेन में युद्ध के लिए चीन से सैन्य और आर्थिक सहायता मांगी है। साथ ही बीजिंग ने आक्रमण के लिए सीधे मॉस्को की निंदा करने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि नाटो के पूर्व की ओर विस्तार रूस और यूक्रेन के बीच बिगड़ते तनाव के लिए जिम्मेदार है।
बता दें कि बीजिंग ने रूस के हमले की निंदा नहीं की है और इसे आक्रमण करार देने से बचता रहा है। हालांकि, चीन ने बातचीत से समाधान का आग्रह किया है। व्हाइट हाउस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने इस खबर पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
वाशिंगटन पोस्ट ने कहा कि अज्ञात अमेरिकी अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि रूस द्वारा किस तरह के हथियार का अनुरोध किया गया था या चीन ने कैसे प्रतिक्रिया दी थी। रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग ने अब भीषण रूप ले लिया है। रूस लगातार यूक्रेन के बड़े शहरों को हवाई हमले के जरिए निशाना बना रहा है। युद्ध के 19वें दिन तक यूक्रेन के कई शहर रूसी हमले में तबाह हो गए हैं।