दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चार मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में संजू सैमसन के बल्ले का कहर जारी रहा। ऐसा लग रहा है कि उन्हें टी-20 मैच में शतक लगाने की आदत बन गई है। अंतिम मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तूफानी शतक ठोंका। संजू ने सिर्फ 56 गेंदों पर 109 रन की नाबाद पारी खेली। संजू ने अपनी इस पारी में 6 चौके और 9 छक्के मारे। हालांकि, इस दौरान एक दुर्घटना हो गई। उन्होंने जब छक्का लगाया तो गेंद सीधे एक महिला के गाल पर लगी। जिससे वो फूट-फूट कर रोने लगी।
इसके बाद संजू सैमसन ने महिला की ओर इशारा करते हुए लाइव मैच में माफी भी मांगी। ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। दरअसल, गेंद बहुत ठोस होती है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि कितना तेजी से गेंद लगी होगी।
महिला के चेहरे पर लगी गेंद, वीडियो वायरल
यह घटना भारत की पारी के 10वें ओवर में हुई। जब सैमसन ने डीप मिड विकेट के ऊपर से एक शक्तिशाली शॉट लगाया। दुर्भाग्य से गेंद सीधे उस महिला फैन के चेहरे पर जा लगी। महिला दर्द से कराह उठी। गेंद पहले महिला फैन की तरफ नहीं जा रही थी। लेकिन गिरने के बाद सीधे चेहरे पर जाकर लगी। उनका रोता हुआ फोटो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुआ था। संजू सैमसन ने चोट लगने के बाद सहम गए थे। वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि संजू सैमसन छक्के के लिए एक हवाई शॉट खेलते हैं। जैसे ही संजू उसे देखते है तो उससे माफी मांगते हैं। इस वीडियो को जियो सिनेमा के एक्स अकाउंट से शेयर किया गया है।
भारत की तीसरी सबसे बड़ी जीत
भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को चौथे टी20 मैच में 135 रनों से हरा दिया। यह टी20 इंटरनेशनल मैचों में टीम इंडिया की तीसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत ने आयरलैंड को 143 रन और न्यूजीलैंड को 168 रनों के अंतर से हरा दिया था। वहीं सूर्यकुमार यादव ने अपनी कप्तानी में सीरीज जीतने की हैट्रिक लगा दी है। उनकी कप्तानी में भारत ने श्रीलंका और बांग्लादेश को 3-0 से हराया। अब दक्षिण अफ्रीका को 3-1 से हराने में सफलता मिली है।