Credit Cards

Shark Tank India: नाभि को गोल बनाने से लेकर ग्लास मास्क तक, शो पर आए ये हैं 5 सबसे अजीबोगरीब आइडिया

शार्क टैंक इंडिया ने अभी तक बहुत से आंत्रप्रेन्योर्स को अपने स्टार्टअप के लिए निवेश हासिल करने में मदद की है, हालांकि इस दौरान यहां कई अजीबोगरीब आइडिया वाले स्टार्टअप भी पेश होते हुए देखे गए हैं..

अपडेटेड Feb 05, 2022 पर 7:08 PM
Story continues below Advertisement
शार्क टैंक इंडिया में नाभि को गोल बनाने वाला प्रोडक्ट पेश करतीं जयश्री जुमनानी (बाएं)

Shark Tank India: स्टार्टअप रियल्टी शो शार्क टैंक इंडिया ने अभी तक बहुत से आंत्रप्रेन्योर्स को अपने स्टार्टअप आइडिया या कंपनी के लिए निवेश हासिल करने में मदद की है। साथ ही इस शो ने कई उभरते आंत्रप्रेन्योर्स को यह समझने में भी मदद की है कि एक सफल स्टार्टअप को कैसे खड़ा किया जाता है।

हालांकि इस दौरान शो पर कई ऐसे स्टार्टअप आइडिया भी पेश किए गए हैं, जो अपने आप में अजीबोगरीब थे और उन्होंने रियल्टी शो के जजों के साथ दर्शकों को भी हंसने पर मजबूर कर दिया है। आज यहां हम आपको शॉर्क टैंक इंडिया में पेश किए गए ऐसे ही अजीबोगरीब स्टार्टअप आइडिया के बारे में बता रहे हैं।

1. नाभि को गोल और गहरा बनाना

नागपुर से आए एक दंपत्ति- बलदेव जुमनानी और जयश्री जुमनानी ने एक ऐसा प्रोडक्ट पेश किया, जिसे देखकर जज की भी हंसी छूट गई। जुमनानी दंपत्ति ने 'नैवल फुकाई' नाम का एक प्रोडक्ट पेश किया और दावा किया कि यह आपकी नाभि को गोल और गहरा बनाने में मदद करता है। बलदेव जुमनानी ने कहा कि उनकी फैंटसी हमेशा से गोल, गहरी और सुंदर नाभि देखने की रही है और अब उन्होंने दुनिया का पहला ऐसा प्रोडक्ट तैयार किया जो बिना सर्जरी के लोगों को यह गोल हासिल करने में मदद कर सकता है। जाहिर है कि जजों ने इस आइडिया को पसंद नहीं किया। देखिए वीडियो-


2. ग्लास मास्क

कोरोना महामारी ने सभी को मास्क पहनने पर मजबूर कर दिया है। आंत्रप्रेन्योर्स रोहित वारियर ने अब एकदम आगे बढ़ते हुए पानी पीने वाले ग्लास के लिए भी मास्क बना दिया है। उन्होंने इसका नाम सिपलाइन दिया है। रोहित का कहना है कि जब आप बाहर होटल, रेस्तरां या किसी अन्य जगह पर किसी ग्लास में पानी, चाय या काफी मंगा कर पीते हैं, तो आपको पता नहीं होता है कि वह ग्लास कितना साफ है। ऐसे में उसे सीधे होंठों से लगाना कई तरह की बीमारी को आमंत्रण दे सकता है। ऐसे में उन्होंने ग्लास के लिए एक मास्क बनाया है, जिसे आप आसानी से पानी पीने के पहले ग्लास पर लगा सकते है और इससे आपके होंठ ग्लास से नहीं छूएंगे। इस पर एक जज ने कहा कि रेस्तरां वाले स्ट्रा भी देते हैं, पीने के लिए फिर इसकी क्या जरूरत? वहीं जज अशनीर ग्रोवर ने कहा कि उन्हें इतना खराब स्टार्टअप आइडिया अब तक नहीं देखा था। देखिए वीडियो-

3. बैग होल्डर

'SID07 डिजाइन' नाम से स्टार्टअप शुरू करने वाले सिद्धार्थ गुप्ता ने इस शो में अपने करीब 11 'अविष्कारों' को पेश किया। इनमें से कुछ प्रोडक्ट काफी उपयोगी थे, तो कुछ प्रोडक्ट ऐसे थे जो पहले से ही बाजार में मौजूद है। इनमें से एक प्रोडक्ट बैग होल्डर था, जिसे आप कहीं भी किसी भी दीवार पर लगा सकते हैं और उसपर अपना बैग या कोई दूसरा सामान टांग सकते हैं। रियल्टी शो की जज विनिता सिंह ने बताया कि यह प्रोडक्ट अनोखा नहीं है और यह भी कहा कि उनके पास भी ऐसा ही बैग होल्डर है, जिस पर वो अपना बैग टांग सकती हैं। देखिए वीडियो-

4. बर्गर मैगी

'हंग्री हेड' के मालिक राहुल दागा और अर्पित काबार ने विभिन्न फास्ट फूड आइटम्स केसाथ मैगी पर आधारित कई प्रोडक्ट को पेश किया। इसमें बर्गर मैगी से लेकर एग्लियो ए ओलियो मैगी प्रोडक्ट तक भी शामिल है। शार्क ने उनके इस डिश के स्वाद को पसंद भी किया। हालांकि मैगी के कई दीवानों ने उनसे मैगी के साथ छेड़छाड़ नहीं करने की अपील की और कहा कि मैगी अपने मूल रूप में ही अच्छा लगता है और उसे उसी तरह छोड़ दिया जाए। देखिए वीडियो-

5. दिल्ली की एक आइसक्रीम कंपनी 'Gopal's 56' के गौरव गोयल ने शार्क टैंक इंडिया में फाइबर आइसक्रीम का आइडिया पिच किया। यह कंपनी आइस-क्रीम को आयुर्वेदिक कंपोनेंट्स के साथ बनाती है। यह आइसक्रीम आपको वजन घटाने में मदद करती है साथ इसमें वेगन, प्री-बायोटिक और प्रो-बायोटिक जैसे फीचर्स भी है। इस पर लोगों को कहना था कि उनके आइसक्रीम को कृपया कर वैसे ही 'अस्वस्थ' छोड़ दिया जाए और उसे स्वादिष्ट ही रहने दिया जाए। देखिए वीडियो-

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।