Credit Cards

Shinzo Abe: वीडियो में देखें शिंजो आबे पर कब और कैसे हुआ जानलेवा हमला, जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं जापान के पूर्व PM

गोली लगने के बाद शिंजो आबे जमीन पर गिर गए और उनके गले से खून निकलने लगा। जापानी मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि शिंजो आबे के सभी जरूरी अंग काम नहीं कर रहे हैं। उनके बचने की उम्‍मीद कम बताई जा रही है

अपडेटेड Jul 08, 2022 पर 12:15 PM
Story continues below Advertisement
गोली लगने के बाद शिंजो आबे जमीन पर गिर गए और उनके गले से खून निकलने लगा

Shinzo Abe shooting: जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रह चुके शिंजो आबे को शुक्रवार को नारा प्रांत में एक हमलावर ने गोली मार दी, जिसके बाद उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। आबे पर शुक्रवार को देश के पश्चिमी हिस्से नारा में तब हमला हुआ जब वह एक सड़क पर भाषण दे रहे थे। पुलिस ने नारा सिटी से 41 वर्षीय यामागामी तेत्सुया को हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक बंदूक भी जब्त की गई है, जिसे संदिग्ध व्यक्ति पकड़े हुए था।

जापान के पब्लिक ब्रॉडकास्टर एनएचके की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना नारा शहर के यामातोसैदाईजी स्टेशन के पास (स्थानीय समयानुसार) लगभग 11.30 बजे हुई, जब 67 वर्षीय पूर्व नेता लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के चुनाव अभियान के लिए भाषण दे रहे थे। गोली लगने के बाद आबे को दिल का दौरा (हार्ट फेलियर) पड़ा था। फिलहाल, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


हालत गंभीर

जापान के सरकारी मीडिया NHK ने हमले की वीडियो फुटेज जारी की है। सोशल मीडिया पर अपलोड वीडियो में हमले के बाद अफरातफरी का आलम दिख रहा है। एनएचके के अनुसार, घटनास्थल पर गोली चलने की आवाज सुनाई दी और आबे के शरीर में से खून बहता देखा गया। गोली लगने के बाद शिंजो अबे जमीन पर गिर गए। बताया जा रहा है कि शिंजो आबे के सभी जरूरी अंग काम नहीं कर रहे हैं और उनके बचने की उम्‍मीद कम बताई जा रही है।

ये भी पढ़ें- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे को गौतमबुद्धनगर के जेवर एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा, जानें क्या है केंद्र सरकार की प्लानिंग

पीएम मोदी ने की प्रार्थना

जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने कहा कि यह बर्बर और दुर्भावनापूर्ण है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। हम वो सब कुछ करेंगे जो हम कर सकते हैं... इस समय, डॉक्टर शिंजो आबे को बचाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि मेरे प्रिय मित्र अबे शिंजो पर हुए हमले से बहुत व्यथित हूं। हमारे विचार और प्रार्थनाएं उनके, उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं।

सामने आया वीडियो

एनएचके ने घटना का एक फुटेज जारी किया है, जिसमें 67 वर्षीय आबे को सड़क पर गिरते हुए देखा जा सकता है और कई सुरक्षाकर्मी उनकी ओर भागते हुए देखे जा सकते हैं। आबे जब जमीन पर गिरे तो उन्होंने अपने सीने पर हाथ रखा हुआ था और उनकी कमीज पर खून लगा हुआ देखा गया। आबे को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनको पीछे से गोली मारी गई है।

जापान टाइम्स के अनुसार, आबे की हालत गंभीर बनी हुई है। जापान टाइम्स के अनुसार, गोली लगने के कारण आबे की गर्दन जख्मी हुई है और सीने के भीतर ब्लीडिंग हुई है। जापानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आबे घायल हालत में बेहोश हैं। एनएचके की रिपोर्ट के अनुसार, जब उन्हें एंबुलेंस में लाया गया तो होश में थे।

हैरान करने वाला है हमला

आबे संसद के ऊपरी सदन के लिए रविवार को होने वाले मतदान के मद्देनजर एक चुनावी कार्यक्रम में भाषण देने नारा गए हुए थे और वह भाषण दे रहे थे जब लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी। दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में से एक माने जाने वाले जापान में यह हमला हैरान करने वाला है। जापान में बंदूक नियंत्रण के सख्त कानून लागू हैं।

‘हार्ट फेलियर’ शब्द का मतलब है कि दिल शरीर के बाकी अंगों तक पर्याप्त रूप से खून और आवश्यक ऑक्सीजन की आपूर्ति नहीं कर पाता है। जापान में अधिकारी कई बार इस शब्द का इस्तेमाल ऐसी स्थिति के बारे में बताने के लिए करते हैं, जिसमें पीड़ित जीवित नहीं रहता लेकिन तब तक मौत की औपचारिक घोषणा नहीं की जाती है।

आबे ने 2020 में यह कहते हुए प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था कि उनकी एक पुरानी बीमारी फिर से उभर आई है। उन्होंने उस समय पत्रकारों से कहा था कि अपने कई लक्ष्यों को अधूरा छोड़ना उनके लिए ‘‘परेशान करने वाली बात’’ है।

उन्होंने वर्षों पहले उत्तर कोरिया द्वारा अगवा किए गए जापानी नागरिकों के मुद्दे, रूस के साथ क्षेत्रीय विवाद और जापान के युद्ध त्यागने वाले संविधान के संशोधन के मुद्दों को हल करने में अपनी नाकामी की बात की थी।

 

MoneyControl News

MoneyControl News

First Published: Jul 08, 2022 12:04 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।