SpiceJet की फ्लाइट में फिर आई तकनीकी खराबी, हाल ही में टर्बुलेंस में फंसने की वजह से 17 यात्री हो गए थे घायल

चेन्नई से पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर जा रहे स्पाइसजेट के विमान SG-331 के इंजन में खराबी आने से उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही उसे वापस चेन्नई लौटना पड़ा

अपडेटेड May 04, 2022 पर 1:47 PM
मुंबई-दुर्गापुर फ्लाइट मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है

स्पाइसजेट (SpiceJet) के यात्री मंगलवार रात एक बार फिर मुसीबत में पड़ गए। चेन्नई से पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-331 के इंजन में अचानक खराबी आ गई और उसे उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही वापस चेन्नई लौटना पड़ा। करीब साढ़े छह घंटे बाद फ्लाइट ने फिर दुर्गापुर के लिए उड़ान भरी। इस कारण यात्रियों को भारी परेशानी हुई। एयरलाइन ने इसके लिए यात्रियों से खेद प्रकट किया है।

नाराज यात्रियों ने ट्वीट कर फ्लाइट की अपडेट के बारे में पूछा जिसके बाद एयरलाइन ने तकनीकी खराबी की बात स्वीकार की। एक यात्री ने ट्वीट कर पूछा कि हाय स्पाइसजेट, क्या आप कृपया मुझे बता सकते हैं कि चेन्नई से दुर्गापुर के लिए आपकी फ्लाइट नंबर SG331 के साथ क्या चल रहा है। यह फ्लाइट चेन्नई में क्यों उतर गई है? मेरा परिवार इस फ्लाइट से यात्रा कर रहा है और कस्टमर सपोर्ट विकल्प पिछले 1 घंटे से उपलब्ध नहीं है।

इसके तुरंत बाद स्पाइसजेट ने जवाब देते हुए कहा कि जैसा कि जांच की गई है, फ्लाइट ऑपरेशन कारणों से प्रभावित है और 21.50 बजे प्रस्थान करेगी। असुविधा के लिए हमें खेद है। आपसे अनुरोध है कि फ्लाइट पर नजर रखें।


पहले टर्बुलेंस में फंस गई थी फ्लाइट, 17 घायल

बता दें कि हाल ही में इससे पहले स्पाइसजेट की मुंबई से दुर्गापुर जा रही एक अन्य फ्लाइट टर्बुलेंस (turbulence) में फंस गई थी। इस कारण 17 यात्री जख्मी हो गए थे। इनमें से दो घायल यात्री ICU में हैं। नागरिक विमानन मंत्रालय ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना रविवार एक मई को हुई थी।

यह हादसा उस वक्त हुआ जब स्पाइसजेट का विमान पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में काजी नजरूल इस्लाम एयरपोर्ट पर उतरने का प्रयास कर रहा था। स्पाइसजेट के बोइंग 737 विमान (SpiceJet Boeing B737) की फ्लाइट SG-945 ने रविवार शाम 5 बजे मुंबई से दुर्गापुर के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के करीब 2 घंटे बाद ही दुर्गापुर में लैंडिंग से ठीक पहले विमान को बेहद खराब मौसम की वजह से गंभीर टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा।

फ्लाइट के टर्बुलेंस के सामने आए वीडियो में कप, बोतल, पैकेज फ्लाइट की फर्श पर बिखरे नजर आए। फ्लाइट के केबिन में रखा लगेज ऊपर गिरने से कई यात्री घायल हो गए। घायलों में 3 केबिन क्रू मेंबर्स समेत कम से कम 17 लोग शामिल हैं। फ्लाइट में टर्बुलेंस या हलचल का मतलब होता है हवा के उस बहाव में बाधा पहुंचना, जो विमान को उड़ने में मदद करती है। ऐसा होने पर फ्लाइट हिलने लगता है और अनियमित वर्टिकल मोशन में चला जाता है यानी अपने नियमित रास्ते से हट जाता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।