अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स (Sunita Williams) और उनके साथी बुच विल्मोर की जल्द ही धरती पर वापसी होने वाली है। स्पेसएक्स का स्पेस क्राफ्ट क्रू-10 दोनों को धरती पर वापस लाने के लिए स्पेस-एक्स का अंतरिक्ष यान इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पहुंच गया है। अंतरिक्ष में नौ महीने बिताने के बाद सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर 19 मार्च को धरती पर लौटने वाले हैं। हालांकि, इतने लंबे समय तक अंतरिक्ष में ग्रेविटी के बिना रहने के कारण उनके शरीर पर इसका असर पड़ सकता है।
सुनीता विलियम्स को चलने में होगी परेशानी
सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर, जब पृथ्वी पर लौटेंगे तो उन्हें चलने में कठिनाई हो सकती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि अंतरिक्ष में लंबे समय तक रहने से शरीर को ग्रेविटी की आदत नहीं रहती। जब अंतरिक्ष यात्री वापस लौटते हैं, तो उनके पैर कमजोर हो जाते हैं और उन्हें बैलेंस बनाने में मुश्किल होती है। इसे 'बेबी फीट' कहा जाता है
15 मार्च को, दो नए अंतरिक्ष यात्री ISS पर भेजे गए। इनका काम विलियम्स और विल्मोर की जगह लेना है, ताकि उनकी वापसी से पहले वहां एक राहत दल मौजूद रहे। जब विलियम्स और विल्मोर वापस आएंगे, तो उन्हें फिर से पृथ्वी के माहौल में ढलने के लिए समय लगेगा।
अंतरिक्ष में रहने पर क्या होता है असर
अंतरिक्ष में रहने पर ग्रेविटी नहीं होता, जिसे सूक्ष्म ग्रेविटी कहा जाता है। पृथ्वी पर, हमारा शरीर ग्रेविटी के कारण मजबूत बना रहता है, लेकिन अंतरिक्ष में ऐसा नहीं होता। वहाँ, हड्डियाँ खुद को धीरे-धीरे बदलने लगती हैं। नई हड्डी बनाने वाली कोशिकाएँ धीमी हो जाती हैं, जबकि पुरानी हड्डी तोड़ने वाली कोशिकाएँ वैसे ही काम करती रहती हैं। इससे हड्डियाँ धीरे-धीरे कमजोर हो जाती हैं। अगर अंतरिक्ष यात्री ध्यान न दें तो हर महीने उनकी हड्डियाँ 1% तक कमजोर हो सकती हैं। इसी तरह, हमारी मांसपेशियाँ भी कमजोर हो जाती हैं क्योंकि उन्हें उतना काम नहीं करना पड़ता जितना कि पृथ्वी पर चलता-फिरता इंसान करता है।
अंतरिक्ष में करना होता है ये काम
NASA के वैज्ञानिक इस समस्या को हल करने के लिए लगातार रिसर्च कर रहे हैं। वे यह पता लगा रहे हैं कि अंतरिक्ष यात्री कैसे स्वस्थ रह सकते हैं, चाहे वे लंबे समय तक अंतरिक्ष में रहें या चंद्रमा और मंगल पर जाएँ। इसके लिए सही आहार, व्यायाम और दवाओं का उपयोग किया जाता है ताकि उनके शरीर मजबूत बने रहें। अंतरिक्ष में रहने से शरीर कमजोर न हो, इसलिए हर अंतरिक्ष यात्री को रोज़ाना व्यायाम करना पड़ता है। वे अपनी मांसपेशियों, हड्डियों और शरीर के अन्य हिस्सों को मजबूत बनाए रखने के लिए दिन में करीब दो घंटे एक्सरसाइज करते हैं।
घर लौटकर क्या करेंगे सुनीता और बुच?
सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर अब पृथ्वी पर वापस आ रहे हैं। उनके लौटने के बाद, नए अंतरिक्ष यात्री अगले छह महीने अंतरिक्ष स्टेशन पर बिताएंगे। इस नए दल में नासा की ऐनी मैकक्लेन और निकोल एयर्स, जापान के ताकुया ओनिशी और रूस के किरिल पेस्कोव शामिल हैं। मैकक्लेन और एयर्स सेना में पायलट रह चुके हैं जबकि ओनिशी और पेस्कोव पहले एयरलाइन पायलट थे। सुनीता और बुच के लिए अंतरिक्ष में बिताया गया लंबा समय मुश्किल था, लेकिन उनके परिवारों के लिए भी यह आसान नहीं था। बुच की पत्नी और दो बेटियाँ और सुनीता के पति और माँ को भी उनका बेसब्री से इंतज़ार था। वहीं पृथ्वी पर लौटने के बाद, बुच विल्मोर चर्च में अपनी सेवा फिर से शुरू करना चाहते हैं। सुनीता विलियम्स अपने प्यारे दो कुत्तों (लैब्राडोर रिट्रीवर्स) को टहलाने के लिए बहुत उत्साहित हैं।