सड़क पर गाड़ी चलाते वक्त हेलमेट पहनना जरूरी है, यह सबको पता है। लेकिन सोचिए, अगर आप पैदल चल रहे हों और पुलिस आपका चालान काट दे क्योंकि आपने हेलमेट नहीं पहना, तो? सुनने में ये अजीब लगता है, लेकिन ऐसा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। ये अनोखा मामला मध्य प्रदेश के पन्ना जिले का है, जहां एक शख्स का पैदल चलते वक्त चालान इस आधार पर काट दिया गया कि उसने हेलमेट नहीं पहना था। ये खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, और लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
कुछ लोग इसे मजाकिया बता रहे हैं, तो कुछ पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। यह घटना न सिर्फ चौंकाने वाली है, बल्कि यह सोचने पर मजबूर करती है कि कानून और व्यवस्था को बेहतर बनाने की कितनी जरूरत है। अब सवाल उठता है, क्या पैदल चलने वालों के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य हो गया है?
घटना अजयगढ़ थाना क्षेत्र का है, जहां सुशील कुमार शुक्ला नाम के व्यक्ति ने दावा किया कि वह अपनी बेटी के जन्मदिन पर मेहमानों को निमंत्रण देने जा रहे थे। रास्ते में पुलिस ने उन्हें रोका, जबरन गाड़ी में बैठाया, और थाने ले जाकर एक मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर लिखकर बिना हेलमेट बाइक चलाने के आरोप में 300 रुपये का चलान काट दिया।
शुक्ला ने मामले की शिकायत जिला पुलिस अधीक्षक (SP) से की और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने मीडिया को बताया कि घटना की जांच के लिए अजयगढ़ के एसडीओपी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शुरुआती जानकारी अधूरी लग रही है, और जांच पूरी होने के बाद उचित कदम उठाए जाएंगे।
यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस प्रशासन की आलोचना का कारण बन गया। यूजर्स ने पुलिस पर कमजोर और निर्दोष लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया। एक यूजर ने लिखा, "पुलिस की ताकत केवल आम लोगों पर चलती है।" वहीं, दूसरे ने तंज कसते हुए कहा, "ऐसे मामलों में शामिल अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।"
इस घटना ने न केवल स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं, बल्कि यह भी दिखाया है कि सिस्टम में सुधार की कितनी जरूरत है।