Udan yatri cafe price : एयरपोर्ट पर सिर्फ 10 रुपए में पानी की बोतल और 20 रूपए में कॉफी। ये सुनने में असंभव लग सकता है लेकिन कुछ एयरपोर्ट्स पर यह सच्चाई बन चुकी है। कोलकाता के बाद अब चेन्नई में भी उड़ान यात्री कैफे की शुरुआत की गई है। यहां काफी कम कीमत पर रिफ्रेशमेंट मिलेगा। एयरपोर्ट्स पर काफी महंगे खाने पीने की शिकायतों के बाद विमानन मंत्रालय ने यह पहल की है। विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा है कि उड़ान यात्री कैफे एयर ट्रैवल को सस्ता और सुविधाजनक बनाने के लिए ये पहल की गई है। खास बात ये है कि चेन्नई यात्री कैफे को मूक-बधिर महिलाएं चलाएंगी।
चेन्नई एयरपोर्ट के टी1 डोमेस्टिक टर्मिनल के प्री-चेक एरिया में स्थित उड़ान यात्री कैफे पर यात्रियों को किफायती नाश्ता मिलेगा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने आज गुरुवार को चेन्नई हवाई अड्डे पर उड़ान यात्री कैफे का उद्घाटन किया। चेन्नई एयरपोर्ट देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट में गिना जाता है। अब इस एयरपोर्ट पर लोगों को सरकार की सबसे किफायती भोजन योजना लागू हो गई है।
एयरपोर्ट्स पर काफी मंहगे खाने-पीने की चीजों की शिकायतों के बाद एविएशन मंत्रालय ने यह कदम उठाया है। एविएशन मिनिस्टर राम मोहन नायडू ने उड़ान यात्री कैफे (UDAN Yatri Cafe) का उद्घाटन किया। इस कैफे में हवाई यात्रियों को अब सस्ती दरों पर खाने-पीने की चीजें मिलेगी।
यात्री कैफे में कीमतों की बात करें तो यहा पानी की बोतल 10 रुपए में मिलेगी। वहीं, चाय 10 रुपए में मिलेगी। कॉफी का मजा 20 रुपए में लिया जा सकेगा। समोसा 20 रुपए में मिलेगा। जबकि, स्वीट ऑफ द डे के लिए आपको चुकाने होंगे सिर्फ 20 रुपए। चेन्नई एयरपोर्ट से गुजरने वाले यात्री अब सस्ते दामों पर रिफ्रेशमेंट का आनंद ले सकेंगे।
कोलकाता में खुला था पहला उड़ान यात्री कैफे
बता दें कि सबसे पहला उड़ान यात्री कैफे पिछले साल 19 दिसंबर में कोलकाता एयरपोर्ट पर खोला गया था। यात्रियों की ओर से इस कैफे को काफी पसंद किया गया था। यात्री लगातार इन कैफे की संख्या को बढ़ाने की मांग कर रहे थे जिसके चलते अब दूसरा कैफे चेन्नई एयरपोर्ट पर शुरू किया गया है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर भी जल्द शुरू की जाएगी ये सुविधा
बुधवार को मीडिया से बातचीत में DIAL के सीईओ विदेह कुनार जयपुरियार ने बताया कि यह सुविधा जल्द ही दिल्ली एयरपोर्ट पर भी शुरू की जाएगी। गौरतलब है कि उड़ान यात्री कैफे सरकार की उड़ान योजना (उड़े देश का आम नागरिक) के मुताबिक है। इस योजना का लक्ष्य हवाई यात्रा को सबके लिए उपलब्ध बनाना और हवाई अड्डे के बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण करना है।