Ukraine-Russia War: यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने की PM मोदी से बात, UNSC में मांगा समर्थन

जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने पीएम मोदी को रूस के हमले की जानकारी दी है और उन्हें बताया कि 100,000 से अधिक हमलावर उनकी जमीन पर चले आए हैं

अपडेटेड Feb 26, 2022 पर 7:49 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी से फोन पर की बात

Ukraine-Russia War: यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने शुक्रवार को ट्वीट कर बताया है कि उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की है। जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने इस दौरान पीएम मोदी को रूस के हमले की जानकारी दी है और उन्हें बताया कि 100,000 से अधिक हमलावर उनकी जमीन पर चले आए हैं और रिहाइशी इमारतों पर अंधाधुंध गोलीबारी कर रहे हैं। उन्होंने साथ ही भारत से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में राजनीतिक समर्थन करने की अपील की।

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अपने ट्वीट में लिखा, "भारत के PM नरेंद्र मोदी से बात की। हमारी ज़मीन पर एक लाख से अधिक आक्रमणकारी पहुंच चुके हैं। वे आवासीय भवनों पर अंधाधुंध फायरिंग कर रहे हैं। हमने PM मोदी से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में हमें राजनीतिक समर्थन देने का आग्रह किया और हम मिलकर हमलावर को रोकें।"

इस संबंध में जेलेंस्की का ट्वीट रूस द्वारा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में मतदान से दूर रहने के भारत के फैसले की प्रशंसा करने के कुछ घंटों बाद आया है। रूस ने तीसरे दिन भी पड़ोसी देश पर अपना आक्रमण जारी रखा है, जो अब यूक्रेन की राजधानी कीव तक पहुंच चुका है।


वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की तरफ से भी इस संबंध में एक बयान जारी कर कहा गया पीएम नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से बात की। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री को यूक्रेन में जारी संघर्ष की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने जारी संघर्ष के कारण जान-माल के नुकसान पर गहरी संवेदना व्यक्त की।

Russia-Ukraine Conflict: राष्ट्रपति पर लग रहे यूक्रेन को युद्ध में धकलने के आरोप, जानिए कौन हैं जेलेंस्की

बयान में आगे कहा गया है कि, "प्रधानमंत्री ने यूक्रेन में मौजूद छात्रों सहित भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए भारत की गहरी चिंता से भी उन्हें(यूक्रेन के राष्ट्रपति) अवगत कराया। उन्होंने भारतीय नागरिकों को तेजी से सुरक्षित निकालने के लिए यूक्रेन के अधिकारियों द्वारा सुविधा प्रदान करने की मांग भी की।"

पीएमओ ने बताया कि PM मोदी हिंसा की तत्काल समाप्ति और बातचीत के लिए अपने आह्वान को दोहराया और शांति प्रयासों के लिए हर तरह से योगदान करने की भारत की इच्छा व्यक्त की। बता दें कि रूस ने अपने पड़ोसी देश यूक्रेन पर गुरुवार को हमला बोल दिया, जिसके बाद दोनों देशों के बीच संघर्ष तीसरे दिन भी जारी है।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद गुरुवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी फोन पर बात की थी। पीएम मोदी ने इस दौरान राष्ट्रपति पुतिन से यूक्रेन में तुरंत हिंसा रोकने की अपील की थी।

रूस के यूक्रेन पर हमले में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्री ने शनिवार को एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि लड़ाई में तीन बच्चों सहित 198 लोग मारे गए और 33 बच्चों सहित 1,115 लोग घायल हो गए। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार की शुरुआत में यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा था कि कम से कम 137 लोग मारे गए हैं और 316 लोग घायल हुए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।