Ukraine-Russia War: रूस के बमबारी से नाराज यूक्रेनी शख्स ने डुबो दी रूसी बिजनेसमैन की आलीशान जहाज, कोर्ट में बोला फिर करूंगा

यूक्रेनी नागरिक गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां उसने कहा कि उसको अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है

अपडेटेड Mar 01, 2022 पर 5:39 PM
रिपोर्ट में कहा गया है कि उसने कथित तौर पर 156 फुट लंबे आलीशान जहाज को डुबोने के लिए जानबूझकर इसके वाल्व खोल दिए

Ukraine-Russia War: रूस द्वारा 24 फरवरी को पड़ोसी देश यूक्रेन पर हमला करने के बाद दोनों देशों के बीच जंग जारी है। रूस ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में मंगलवार को गोलाबारी की और वहां के विभिन्न प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचाया। रूसी सैनिकों ने मंगलवार को यूक्रेन की राजधानी कीव को भी घेर लिया है और नागरिकों को तत्काल शहर छोड़ने के लिए कहा है।

रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनाशेनकोव ने कहा कि शहर के सभी नागरिक स्वतंत्र रूप से कीव-वासिलकिव राजमार्ग के साथ यूक्रेनी राजधानी छोड़ सकते हैं। यह दिशा खुली और सुरक्षित है। इसके तुरंत बाद, यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने फंसे हुए नागरिकों को हर हाल में कीव छोड़ने के लिए कहा है।

इस युद्ध ने यूक्रेन के लोगों में रूसी नागरिकों के प्रति नफरत भर दी है। इसका ताजा उदाहरण स्पेन से सामने आया है, जहां अपने रूसी बॉस को नुकसान पहुंचाने के लिए यूक्रेनी नाविक ने उनकी आलीशान नाव को डुबोने की कोशिश की। फिलहाल, यूक्रेनी शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है।


ये भी पढ़ें- Ukraine-Russia War: खारकीव में गोलीबारी के दौरान एक भारतीय छात्र की मौत, विदेश मंत्रालय ने जताया दुख

न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 55 वर्षीय यूक्रेनी व्यक्ति को रूस द्वारा किए गए हमले के विरोध में स्पेन में अपने रूसी मालिक के 7.7 मिलियन डॉलर के लक्जरी सुपरयॉट को डुबोने के प्रयास के लिए गिरफ्तार किया गया है। व्यक्ति को मल्लोर्का में हिरासत में लिया गया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि उसने कथित तौर पर 156 फुट लंबे आलीशान जहाज को डुबोने के लिए जानबूझकर इसके वाल्व खोल दिए और इसके बाद जहाज आंशिक तौर पर डूब गया। शख्स को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां उसने जज से कहा कि उसे अपने किए पर पछतावा नहीं है और वह ऐसा फिर करेगा।

यह सुपरयाट रूसी सैन्य हथियार कंपनी रोसोबोरोनएक्सपोर्ट (Rosoboronexport) के सीईओ अलेक्जेंडर मिजीव (Alexander Mijeev) का है। सुपरयाट को लेडी अनास्तासिया (Lady Anastasia) कहा जाता है।

इस सुपरयाट पर यूक्रेनी नागरिक मैकेनिक के तौर पर काम कर रहा था। इस दौरान जब उसने टीवी पर अपने देश के ऊपर रूसी हमले की खबर देखी तो वो अपने बॉस से बदले के तौर पर उनके सुपरयाट को डुबोने का फैसला किया। हालांकि, बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।