Bareilly Road Accident News: उत्तर प्रदेश के बरेली से सड़क हादसे का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आधे बने पुल से कार नीचे गिरने से तीन लोगों की खौफनाक तरीके से मौत हो गई। इस हादसे के पीछे गलत GPS नेविगेशन बताया जा रहा है। कार अधूरे पुल से कई फीट नीचे जा गिरी, जिस वजह से ये हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही फरीदपुर बरेली और जिला बदायूं थाना दातागंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार से तीन लोगों को बाहर निकाला। तीनों लोगों की मौत कार से निकाले जाने से पहले ही हो गई थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसा खालपुर-दातागंज रोड पर सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब ये लोग बरेली से बदायूं जिले के दातागंज से फरीदपुर की तरफ जा रहे थे। पुलिस ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि नेविगेशन के लिए GPS का इस्तेमाल करते हुए कार पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से से टकरा गई। हादसे का खुलासा उस वक्त हुआ, जब रविवार (24 नवंबर) को खल्लपुर गांव के कुछ लोग रामगंगा के किनारे पहुंचे। गांव वालों को मौके पर एक कार गड्ढे में गिरी हुई दिखाई पड़ी। जिसके बाद लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिले के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मैप ने ली तीनों कार सवार की जान
इस हादसे को लेकर बरेली पुलिस ने बताया है कि कार सवार मैप की मदद से दातागंज की ओर से खल्लपुर होते हुए फरीदपुर जा रहे थे। अधूरे पुल की जानकारी न होने और कार की तेज रफ्तार के चलते ड्राइवर ब्रेक नहीं लगा पाया। पुल खत्म होते ही कार लगभग 25 फीट नीचे रामगंगा के गड्ढे में जा गिरी, जिससे कार में सवार तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई।
बाढ़ की वजह से गिर गया था पुल का अलगा हिस्सा
जानकारी के मुताबिक इस साल की शुरुआत में, बाढ़ के कारण पुल का अगला हिस्सा नदी में गिर गया था, लेकिन पुल गिरने के बारे में GPS को अपडेट नहीं किया गया था। घटना को लेकर सर्कल अधिकारी आशुतोष शिवम ने कहा है कि पुल टूटने की जानकारी GPS पर अपडेट नहीं की गई थी, जिस कारण ड्राइवर गुमराह हो गए और इतना बड़ा हादसा हो गया।
अधिकारी ने आगे कहा कि निर्माणाधीन पुल पर सुरक्षा की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, जिससे ये गंभीर हादसा हुआ है। पुलिस ने इस हादसे के शिकार हुए तीनों कार सवार की पहचान कर ली है। पुलिस ने बताया कि हादसे में मैनपुरी निवासी कौशल कुमार, फर्रुखाबाद निवासी विवेक कुमार और अमित कुमार की मौत हो गई है।