Viral Video: इस शख्स का वीडियो देखकर आप भी कहेंगे हिम्मत हो तो ऐसी, पैरों से नहीं, हाथों से चढ़ गया पूरा पहाड़

Viral Video: चीन के सन गुओ शान ने हाथों के बल पहाड़ों की चोटी तक चढ़ने का अद्भुत कारनामा किया। उन्होंने वुडांग पर्वत की 1,612 मीटर ऊंची चोटी और तियानमेन पर्वत की 999 सीढ़ियों को चुनौतीपूर्ण तरीके से पार किया। उनके इस असंभव कार्य ने सोशल मीडिया पर खूब हलचल मचाई और लोगों को हैरान कर दिया

अपडेटेड Feb 17, 2025 पर 6:06 PM
Viral Video: हाथों के सहारे 1,612 मीटर ऊंचे पहाड़ पर चढ़ा ये शख्स

सोशल मीडिया पर आए दिन कुछ अजीबो-गरीब वीडियो वायरल होते रहते हैं, लेकिन हाल ही में एक ऐसा कारनामा सामने आया जिसे देख कर हर कोई दंग रह गया। यह कहानी एक ऐसे शख्स की है, जिसने लाइक्स और व्यूज के लिए नहीं, बल्कि अपनी मेहनत और जुनून के चलते कुछ ऐसा किया कि लोगों के होश उड़ गए। सोचिए, आमतौर पर पहाड़ों की चोटी तक चढ़ने के लिए लोग पैरों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इस शख्स ने हाथों के बल यह चुनौती स्वीकार की और पहाड़ों की ऊंचाइयों को फतह किया।

जी हां, चीन के सन गुओ शान ने अपनी असाधारण क्षमता का प्रदर्शन करते हुए यह साबित कर दिया कि अगर आपके अंदर जुनून और आत्मविश्वास हो, तो आप असंभव को भी संभव बना सकते हैं।

एक अजीब और खतरनाक चुनौती


38 साल के सन गुओ शान ने मई 2023 में हैंडस्टैंड चढ़ाई का अभ्यास शुरू किया था, लेकिन उनकी असली चुनौती तब शुरू हुई जब उन्होंने तय किया कि 2025 तक वह चीन के 50 सबसे ऊंचे पहाड़ों पर चढ़ेंगे। कोविड-19 महामारी के दौरान सन ने हेल्थ के महत्व को समझा और शारीरिक क्षमता को बढ़ाने के लिए इस असामान्य चुनौती को अपनाया।

हैंडस्टैंड चढ़ाई

सन गुओ शान ने मई 2024 में अपनी हैरान कर देने वाली चुनौती की शुरुआत की। लेकिन उनकी एक वीडियो ने जब नवंबर 2024 में सोशल मीडिया पर तूफान मचाया, तो लोग दंग रह गए। इस वीडियो में वह हाथों के बल 1,612 मीटर ऊंचे वुडांग पर्वत की चोटी तक चढ़ते हुए नजर आए। सोचिए, यह कितना मुश्किल और अविश्वसनीय था।

999 सीढ़ियां और हाथों के बल चढ़ाई

सन गुओ शान ने हाल ही में तियानमेन पर्वत की 999 सीढ़ियों को हाथों के बल चढ़ने की चुनौती ली। पांच घंटे की कठिन मेहनत के बाद, उन्होंने इसे सफलतापूर्वक पूरा किया। सन ने बताया कि यह पर्वत अब तक का सबसे कठिन था, क्योंकि यहां पर वह करीब सौ बार गिर चुके थे। लेकिन, उनके जज्बे ने उन्हें हर बार उठने की ताकत दी।

सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन्स

ये वीडियो ECNS फेसबुक पेज पर शेयर किया गया, और देखते ही देखते लाखों लोगों ने इसे देखा। लोग इस अजीब और अविश्वसनीय कारनामे पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "यह शख्स इंसान नहीं, रोबोट है!" वहीं दूसरे ने कहा, "क्या बात है! इस दुनिया में ऐसे लोग भी होते हैं!" और एक यूजर ने कमेंट किया, "चीन के लोग हैं, कुछ भी कर सकते हैं।"

Viral Video: गीले गेहूं सुखाने के लिए छत में जाने की नहीं है जरूरत, घर में रखी इस मशीन में सुखाएं, देखें वीडियो

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।