Weather Forecast: महाराष्ट्र में भारी बारिश का कहर आज भी जारी, गुजरात में अब तक 83 लोगों की मौत

मानसून के दस्तक देने के बाद से महाराष्ट्र और गुजरात समेत देश के कई राज्यों में भारी बारिश ने कहर बरपा रखा है। मूसलाधार बारिश के बाद लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई शहरों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं

अपडेटेड Jul 14, 2022 पर 1:44 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
गुजरात के कई हिस्सों में आज भी भारी बारिश जारी है

Weather Forecast: मानसून के दस्तक देने के बाद से महाराष्ट्र और गुजरात समेत देश के कई राज्यों में भारी बारिश ने कहर बरपा रखा है। मूसलाधार बारिश के बाद लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई शहरों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। वहीं, पॉश इलाकों में स्थित लोगों के घरों में भी बारिश का पानी भर गया है। गुजरात में भारी बारिश से हुई तबाही के बीच अब तक 83 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में आज भी मूसलाधार बारिश हो रही है।

महाराष्ट्र में आज भी बारिश का कहर जारी

मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश होने से निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है और कई जगह यातायात भी प्रभावित हुआ। महाराष्ट्र के नासिक और अहमदनगर जिलों के विभिन्न अपस्ट्रीम बांधों से औरंगाबाद में बसे शहर पैठण के जयकवाड़ी बांध में 78,399 क्यूसेक प्रति सेकंड पानी छोड़े गए। इसके बाद इसका जल स्तर पिछले साल के 34.69 प्रतिशत की तुलना में गुरुवार सुबह 6 बजे तक 52 प्रतिशत के निशान को पार कर गया है।


ये भी पढ़ें- Cryptocurrency Prices Today 14 July2022: हरे निशान में क्रिप्टो बाजार, 20000 डॉलर के पार बिटकॉइन

कमांड एरिया डेवलपमेंट के अधिकारियों ने गुरुवार सुबह कहा कि जयकवाड़ी बांध में भारी जल प्रवाह के कारण जल भंडारण का स्तर 52 प्रतिशत के लाइव स्टॉक को पार कर गया। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान में बांध का जल स्तर 1511.93 फीट और 460.836 मीटर है, जिसमें कुल जल भंडारण 1868.512 एमसीएम और 1130.486 एमसीएम यानि 52.07 प्रतिशत है।

नासिक और अहमदनगर से गोदावरी नदी में छोड़े जा रहे बाढ़ के पानी के कारण वैजापुर और गंगापुर के कई गांवों को जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट पर रखा है। इस बीच, मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में राज्य भर में भारी बारिश की संभावना जताई है। बुधवार को वर्धा जिले में कच्चा वन बांध टूट गया, जिसके बाद 3 गांवों में पानी घुस गया। बारिश के कारण राज्य के कई इलाकों में पानी भर गया है।

गुजरात में अब तक 83 लोगों की मौत

दक्षिण गुजरात और कच्छ-सौराष्ट्र क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में बारिश से संबंधी घटनाओं में 14 लोगों की मौत हो गई। वहीं, करीब 31,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री राजेंद्र त्रिवेदी ने बताया कि बारिश से हुए नुकसान के कारण कच्छ, नवसारी और डांग जिलों में तीन नेशनल हाइवे अवरुद्ध हैं। उन्होंने बताया कि बारिश की वजह से 51 राज्य हाइवे और 400 से अधिक पंचायत मार्ग भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।

उन्होंने कहा कि गुजरात में पिछले 24 घंटे में बारिश संबंधी घटनाओं में 14 लोगों की मौत हुई है। इनमें से नौ लोगों की मौत डूबने के कारण हुई। इसके साथ ही राज्यभर में अब तक 83 लोगों की जान जा चुकी है। मंत्री के अनुसार, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रशासनिक अधिकारियों को जल्द से जल्द प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया है, ताकि लोगों को बारिश के कारण हुए नुकसान से निपटने के वास्ते नकद तथा अन्य राहत सामग्री के लिए अधिक इंतजार ना करना पड़े।

उत्तराखंड में भी अलर्ट जारी

रविवार रात अहमदाबाद में 219 मिमी बारिश हुई, जिससे रिहायशी इलाकों और सड़कों पर पानी भर गया। सोमवार को शहर के स्कूल-कॉलेज बंद रहे। गुजरात और महाराष्ट्र के अलावा उत्तराखंड के कई जिले भी भारी बारिश की चपेट में हैं। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने देहरादून, पौड़ी, चंपावत, नैनीताल और उधम सिंह नगर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। केदारनाथ, पिथौरागढ़, कीर्ति नगर आदि में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।