देश की राजधानी समेत कई राज्यों में तापमान में भारी गिरावट जारी है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के चलते तापमान शून्य से लेकर माइनस में पहुंच गया है। शीतलहर और कोहरे का प्रकोप भी जारी है। धीरे-धीरे देश के मैदानी इलाके भीषण ठंड की चपेट में आ रहे हैं। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। दिल्ली में अगले 10 दिन सर्दी को लेकर काफी भारी होने वाले हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 27 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय पर दस्तक दे सकता है।
