Credit Cards

Weather Updates: दिल्ली में कोहरा, बारिश और गलन का कहर, UP- बिहार में भी कड़ाके की ठंड से हाल बेहाल

Weather Updates: देश के कई राज्य इन दिनों कड़ाके की ठंड की मार झेल रहे हैं। दिल्ली के साथ-साथ पूरे उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाया हुआ है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और माइनस तापमान से ठंड बढ़ गई है। दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक मध्यम कोहरा और बारिश होने का अनुमान जताया गया है

अपडेटेड Jan 11, 2025 पर 9:07 AM
Story continues below Advertisement
Weather Updates: पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

देश के कई राज्य घने कोहरे की मार झेल रहे हैं। पहाड़ों पर भी बर्फबारी जारी है। कड़ाके की सर्दी से लोगों के हाल बेहाल हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अभी सर्दी और बढ़ेगी। तापमान में गिरावट के साथ लोगों को बारिश, कोहरा और ओलों का सामना करना पड़ सकता है। पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी का भी दौर जारी है। यानी लोगों को अभी ठिठुरन भरी सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं है। इस बीच दिल्लीवालों को सर्दी का डबल अटैक भी लग सकता है। अगले कुछ दिनों में दिल्ली में बारिश की आशंका जताई गई है। जिसके चलते दिल्ली की ठंड में और इजाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को पश्चिमी राजस्थान में कुछ इलाके में ओले गिर सकते हैं। वहीं उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश में बारिश हो सकती है।

दिल्ली में मौसम का हाल


दिल्ली में आज शाम या रात से बारिश हो सकती है। यह कल तक जारी रह सकती है। इस अवधि के दौरान रात के तापमान में वृद्धि और दिन के तापमान में गिरावट हो सकती है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दिल्ली में आज (11 जनवरी 2025) अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। वहीं नोएडा में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है।

पंजाब-हरियाणा का की हाल?

पंजाब की बात करें तो आज मौसम में खासा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश में घने कोहरे के साथ आज गरज-चमक और हल्की बरसात होने की भी बात कही गई है। इसके अलावा 12 जनवरी से 14 जनवरी तक भी घना कोहरा परेशान करेगा। हरियाणा की बात करें तो आज यहां भी घने कोहरे का येलो अलर्ट है। 12 जनवरी से 14 जनवरी तक कोहरे का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। चंडीगढ़ में भी आज हल्की बरसात होने की बात कही गई है।

उत्तर प्रदेश में मौसम कैसा रहेगा?

उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए कोहरे और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम केंद्र लखनऊ के मुताबिक, अगले 4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3 डिग्री सेल्सियस से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने तथा उसके बाद 2 डिग्री सेल्सियस से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है और उसके बाद अगले 4 दिनों में 2 डिग्री से 3 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा सकती है।

बिहार में कड़ाके की ठंड

बिहार में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। दिन में चल रहीं तेज हवाएं गलन बढ़ा रही हैं। खासकर, सुबह के वक्त पाला भी गिर रहा है। पटना, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, राजगीर, अररिया, आरा, वैशाली समेत करीब 28 जिलों में न्यूनतम तापमान में कमी देखने को मिली है। पटना में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ करीब 9 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है। राज्य का समस्तीपुर 5.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा बना हुआ है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि राज्य के उत्तरी और दक्षिणी पूर्व भागों में घना कोहरा छाए रहेगा। घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 12 जनवरी को बक्सर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल समेत कई जिलों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी है।

पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?

पहाड़ी क्षेत्रों में न्यूनतम पारा माइनस में जाएगा। उत्तराखंड में भी आज मौसम करवट लेगा। आज और कल यहां भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश की बात करें तो यहां ठंड और बारिश का डबल अटैक देखने को मिलेगा। कल से फिर ठंड बढ़ेगी।

Delhi NCR Weather: दिल्ली में अगले 2 दिन हो सकती है भारी बारिश! शीतलहर की होगी वापसी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।