Weather Updates: दिल्ली में सताने लगी गर्मी, आज हल्की बारिश और आंधी की संभावना, जानें अन्य राज्यों में मौसम का हाल
Weather Updates: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। यहां बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में इस साल फरवरी में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह 27 फरवरी 2023 को दर्ज किए गए अधिकतम तापमान के जितना है
Weather Updates: दिल्ली में आज सुबह से ही आसमान में बादलों ने डेरा डाल दिया है। अंधेरा छाया हुआ है।
पिछले कुछ सालों से फरवरी में ही गर्मी का मौसम शुरू हो जाता है। इस सीजन में भी कुछ ऐसा ही हो रहा है। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के स्तर को पार कर गया। इस सीजन में पहली बार तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। साल 2009 से 2025 के बीच 9 बार तापमान 30 डिग्री के स्तर को फरवरी में ही पार कर गया है। इस बीच मौसम विभाग ने आज (27 फरवरी 2025) मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा आने वाले दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की उम्मीद जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में भी आज बारिश होने की संभावना जताई है। दिल्ली में आज दिनभर बादल छाए रहेंगे। वहीं कुछ कुछ जगहों पर गरज के साथ हल्की बारिश होगी। बता दें कि एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। लिहाजा नोएडा, गाजियाबाद और गुड़गांव में आज हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम का हाल
दिल्ली में सुबह से धुंध छाई रहेगी। बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। जमीनी सतह पर तेज हवाएं चलेंगी। इनकी गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रह सकती है। अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री तक रहने की संभावना है। 28 फरवरी को भी हल्की बारिश हो सकती है। बादल छाए रहेंगे। तेज हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद 1 से 4 मार्च के बीच मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 25 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री तक रह सकता है। आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। बारिश की वजह से यह राहत दो से तीन दिनों की होगी। दो मार्च से एक बार फिर गर्मी परेशान कर सकती है। वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 247 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
यूपी में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में 27 फरवरी से 3 दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में 28 फरवरी और 1 मार्च को भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान बादल गरजने और बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है। वहीं इसके बाद 2 और 3 मार्च को मौसम साफ हो जाएगा।
गुजरात में गर्मी का येलो अलर्ट जारी
गुजरात के तटीय इलाकों में गर्मी और उमस बढ़ने की आशंका जताई गई है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में राज्य के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। महाराष्ट्र में भी ऐसे ही स्थिति बनती दिख रही है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ जिलों में हीट वेव यानी लू का अलर्ट जारी किया है। ओडिशा में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। फरवरी में ही ओडिशा में गर्मी का अहसास होने लगा है। ऐसे में मार्च में भी तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी
हिमाचल में बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य में 27 और 28 फरवरी के लिए भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य में बुधवार को भारी बर्फबारी-बारिश से अटल टनल सहित दो नेशनल हाईवे और 211 सड़कों पर यातायात बंद कर दिया गया था। वहीं उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में आज हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की आशंका जताई गई है।