फरवरी के महीने में फिर से ठंड की वापसी होती हुई नजर आ रही है। आमतौर पर इस महीने ठंड की विदाई होने लगती है। लेकिन दिल्ली समेत कई राज्यों में फिर से ठंड ने यूटर्न ले लिया है। दिल्ली में 8 फरवरी तक बारिश की संभावना जताई गई है। इस कोहरे का प्रभाव भी बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली में आंधी-तूफान का भी अलर्ट जारी किया है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में अभी भी शीतलहर बनी हुई है। जिससे लोग अभी भी रजाई और स्वेटर का साथ नहीं छोड़े हैं।
पछुआ हवाओं (Westerly winds) की वजह से ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, लद्दाख और कश्मीर के कई हिस्सों में अगले 48 घंटों में बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई गई है। इससे तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। बता दें कि 8 फरवरी को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने वाला है। जिससे फिर से मौसम में बदलाव का अनुमान जताया गया है।
दिल्ली में आज (7 फरवरी) सुबह के समय धुंध रह सकती है। आसमान साफ रहेगा। हवाओं की गति काफी तेज रहेगी। यह 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक रह सकता है। 8 फरवरी से तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा। हवाओं की रफ्तार काफी कम हो सकती है। 8 से 12 फरवरी तक अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 से 12 डिग्री तक रह सकता है। सुबह के समय हल्का कोहरा रहेगा। राजधानी में खास तौर पर रात के तापमान में गिरावट आई है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पहाड़ों से आगे निकल चुका है। इसकी वजह से जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के मध्य और ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है।
हिमाचल प्रदेश के 5 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के 5 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। इनमें मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना और चंबा में तेज सर्द हवाएं चलेंगी। जिससे तापमान में कमी आएगी और ठंड का स्तर भी बढ़ेगा। वहीं राजस्थान के तीन जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है। चुरू, सीकर और नागौर में कोल्ड वेव का येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम का हाल
छले 24 घंटों में यूपी के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई है। जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ गई है.। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। जिससे किसानों की रबी की फसल को फायदा हो सकता है। मौसम विभाग ने मुजफ्फरनगर, बिजनौर, रामपुर, बरेली, सहारनपुर और मुरादाबाद में बारिश का अलर्ट जारी किया था, लेकिन पूर्वानुमान पूरी तरह सटीक नहीं रहा। बिहार में दिन में धूप खिली रहने से राहत मिली हुई है। लेकिन कई इलाकों में सर्दी का एहसास हो रहा है। दक्षिणी बिहार में घना कोहरा छाने की आशंका जताई गई है।