Credit Cards

Weather Updates: दिल्ली में हल्की बारिश, छाया कोहरा, हिमाचल प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी

Weather Updates: दिल्ली- NCR समेत देश के कई राज्यों में मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। आज (4 फरवरी 2025) सुबह दिल्ली समेत नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबादी हुई। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में अभी और गरज के साथ बारिश हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी आज और कल बारिश का अलर्ट जारी किया गया है

अपडेटेड Feb 04, 2025 पर 9:43 AM
Story continues below Advertisement
Weather Updates: मौसम विभाग के मुताबिक, 5 फरवरी से न्यूनतम तापमान में कमी आएगी। जबकि 10 और 11 फरवरी को फिर बारिश हो सकती है।

देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज कुछ अलग ही नजर आ रहा है। फरवरी का महीना शुरू हो गया है। कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। कहीं बूंदाबांदी हो रही है। इस बीच देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज (4 फरवरी 2025) सुबह बादल छाए रहे। शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग (Indian Meteorological Department - IMD) ने राजधानी में दिन में और भी गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में आज (4 फरवरी 2025) और कल (4 फरवरी 2025) कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई है।

दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है, जबकि अधिकतम तापमान सोमवार के मुकाबले तीन डिग्री कम यानी 21 डिग्री रहने का अनुमान है। दिल्ली में अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में कमी के आसार हैं। 8 फरवरी तक पारा 9 डिग्री तक गिर सकता है। जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इसके बाद गर्मी बढ़ सकती है।

दिल्ली में मौसम का हाल


दिल्ली में आज (4 फरवरी 2025) सुबह के समय हल्का कोहरा रह सकता है। बादल छाए रहेंगे। दोपहर तक एक से दो चरणों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तेज हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रहा। 5 से 9 फरवरी के बीच तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 22 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री तक रह सकता है। 7 फरवरी से एक बार फिर आंशिक रूप से बादल देखने को मिल सकते हैं। स्काईमेट के मुताबिक, फरवरी के शुरुआती दिन सामान्य से अधिक गर्म हैं। पिछले तीन दिनों से दिन और रात का तापमान औसत से अधिक बना हुआ है। अब मंगलवार को बारिश की संभावना है। अगले 2 से 3 दिनों में पहाड़ों और मैदानी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होगी। 4 फरवरी की सुबह और दोपहर के समय दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली से फिर हटा GRAP-3

प्रदूषण का स्तर करीब एक हफ्ते बाद कम होकर खराब स्तर पर आ गया है। इसके बाद सीएक्यूएम (कमिशन फॉर एयर क्वॉलिटी मैनेजमेंट) की सब कमिटी ने GRAP-3 को हटा लिया है। 29 जनवरी को प्रदूषण स्तर में इजाफा होने के बाद इसे लागू किया गया था। अब अगले कुछ दिनों तक यह खराब स्तर पर ही रह सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने फिलहाल वायु प्रदूषण में कमी की संभावना जताई है।

हिमाचल प्रदेश में मौसम का हाल

मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। शिमला के मौसम विभाग ने कहा कि कई इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। वहीं किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों, कांगड़ा, चंबा, शिमला, मंडी, सिरमौर और कुल्लू जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा, 4 फरवरी (मंगलवार) की दोपहर से 5 फरवरी (बुधवार) की शाम तक कांगड़ा, चंबा, शिमला, मंडी, सिरमौर और कुल्लू जिलों के बाकी हिस्सों में मध्यम बारिश के आसार हैं।

गर्लफ्रेंड या बॉयफ्रेंड...Breakup के बाद किसे पड़ता है ज्यादा असर, वेलेंटाइन वीक में प्यार इजहार करने से पहले पढ़ लें ये खबर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।