Mumbai Hit-and-run: कौन हैं सीएम एकनाथ शिंदे के करीबी राजेश शाह? बेटे ने महिला पर चढ़ा दी BMW कार
Mumbai BMW hit-and-run case: मुंबई के वर्ली इलाके में रविवार को BMW कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार एक महिला की मौत हो गई। मले में कार के मालिक शिवसेना नेता राजेश शाह और उसमें सवार राजऋषि राजेंद्रसिंह बिदावत पर मामला दर्ज करने के बाद रविवार शाम दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया
Mumbai BMW hit-and-run case: मुख्य आरोपी मिहिर शाह फिलहाल फरार है। उसे खोजने के लिए 6 पुलिस टीमें बनाई गई हैं
Mumbai BMW hit-and-run case: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेता राजेश शाह को उनके बेटे मिहिर शाह से जुड़े हिट-एंड-रन मामले में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि रविवार तड़के हुए इस हादसे में मुंबई के वर्ली इलाके में एक 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। उस दौरान वह अपने पति के साथ बाइक पर जा रही थी, तभी जिसे एक तेज रफ्तार BMW कार ने कपल को टक्कर मार दी। हादसे के वक्त कार कथित तौर पर शिवसेना (एकनाथ शिंदे कैंप) के नेता राजेश शाह का बेटा मिहिर शाह चला रहा था। मिहिर शाह फिलहाल फरार है। उसे खोजने के लिए 6 पुलिस टीमें बनाई गई हैं।
मामले में दो गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में कार के मालिक राजेश शाह और उसमें सवार राजऋषि राजेंद्रसिंह बिदावत पर मामला दर्ज करने के बाद रविवार शाम उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। राजेश शाह पालघर में शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) का स्थानीय नेता है। पुलिस ने बताया कि जिस BMW कार ने टक्कर मारी, उस कार को मिहिर शाह चला रहा था। 24 साल का मिहिर शाह शिवसेना नेता राजेश शाह का बेटा है।
वर्ली थाने के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि महिला की पहचान कावेरी नखवा (45) के तौर पर की गई है। वह रविवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे एनी बेसेंट रोड पर अपने पति प्रदीप के साथ दुपहिया वाहन से जा रही थीं, तभी BMW कार के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और उन्हें टक्कर मार दी।
वर्ली थाने के अधिकारी ने बताया कि कार मालिक राजेश शाह और उसमें सवार राजऋषि राजेंद्रसिंह बिदावत को घटना के बाद थाने लाया गया और प्रारंभिक जांच में दुर्घटना में उनकी कथित भूमिका स्थापित होने के बाद शाम को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
कौन हैं राजेश शाह?
- राजेश शाह फिलहाल पालघर में शिवसेना के उपनेता हैं। उन्हें रविवार को उनके बेटे मिहिर शाह से जुड़े हिट-एंड-रन मामले में गिरफ्तार किया गया था।
- वह मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के करीबी सहयोगी माने जाते हैं। शिंदे के साथ उनकी नजदीकी 2022 के शिवसेना विभाजन से पहले की है।
- राजेश शाह की पालघर और उसके आस-पास के विभिन्न समुदायों के बीच उनके मैनेजमेंट कौशल और नेटवर्किंग के लिए पार्टी में उनकी काफी सराहना की जाती है।
- अप्रैल 2023 में शाह को मुख्यमंत्री ने शिवसेना का उपनेता नियुक्त किया था। इससे पहले वे पार्टी के पालघर जिला प्रमुख थे। यह पद उन्होंने अविभाजित शिवसेना में भी संभाला था।
- एक व्यवसायी परिवार से ताल्लुक रखने वाले शाह का पालघर के आसपास के MIDC कॉम्पलेक्स और औद्योगिक क्षेत्रों में स्क्रैप व्यवसाय पर काफी नियंत्रण है। वह निर्माण सामग्री की आपूर्ति भी करते हैं।
- वह मैनेजमेंट और कम्युनिकेशन नेटवर्क जैसे गुणों के लिए जाने जाते हैं, जिनकी राजनीति में बहुत मांग है।
- राजेश शाह की राजनीति में रुचि ने शिंदे के साथ उनके संबंधों का मार्ग प्रशस्त किया, जो 2000 के दशक की शुरुआत में ठाणे और उसके आसपास काम करते थे।
- शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शिंदे को ठाणे और पालघर में पार्टी से जुड़े सभी कामों की देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी थी। बाद में वह शाह पर निर्भर रहने लगे।
कौन है मिहिर शाह?
- BMW दुर्घटना मामले में आरोपी 24 वर्षीय मिहिर शाह शिवसेना नेता राजेश शाह का बेटा है। दुर्घटना के समय, मिहिर कथित तौर पर लग्जरी कार चला रहा था और उसके साथ उसका ड्राइवर राजऋषि राजेंद्रसिंह बिदावत भी था, जो फिलहाल पुलिस हिरासत में है।
- मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिहिर ने 10वीं तक पढ़ाई की है। उसने उसके बाद आगे की पढ़ाई नहीं की। वह महाराष्ट्र में अपने पिता के रियल एस्टेट व्यवसाय में मदद कर रहा था। बाद में BMW को बांद्रा ईस्ट इलाके के कला नगर में लावारिस हालत में पाया गया।
- हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने शनिवार रात जुहू के एक बार में शराब पी थी। घर लौटते समय वह गाड़ी चला रहा था और तेज रफ्तार BMW ने उस स्कूटर को टक्कर मार दी जिस पर प्रदीप और कावेरी घर लौट रहे थे।
- इंडिया टुडे की रिपोर्ट में कहा गया है कि पुलिस की जांच में ये सामने आया है कि हिट एंड रन केस से कुछ घंटे पहले मिहिर शाह अपने दोस्तों के साथ एक पब में गया था। हालांकि पब मालिक ने कहा है कि मिहिर ने शराब नहीं पी थी, बल्कि उसने केवल रेड बुल पी थी।