भारत पहुंचा Omicron Variant, कर्नाटक में नए वेरिएंट के 2 मामले मिलने की पुष्टि: हेल्थ मिनिस्ट्री

हेल्थ मिनिस्ट्री ने गुरुवार को भारत में ओमीक्रॉन वेरिएंट के 2 मामलों को मिलने की पुष्टि की है

अपडेटेड Dec 02, 2021 पर 9:54 PM
भारत में 2 ओमीक्रॉन वेरिएंट के मामले मिले

हेल्थ मिनिस्ट्री ने गुरुवार को भारत में ओमीक्रॉन वेरिएंट (Omicron Variant) के 2 मामले मिलने की पुष्टि की है। हेल्थ मिनिस्ट्री के जॉइंट सेक्रेटरी लव अग्रवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, "पिछले 24 घंटे में देश में ओमिक्रोन के 2 मामले दर्ज किए गए हैं। ये मामले कर्नाटक (Karnataka) में मिले हैं। 66 साल के एक व्यक्ति और 46 साल के एक व्यक्ति में ओमीक्रॉन का संक्रमण पाया गया है।"

अधिकारियों ने बताया कि दोनों व्यक्तियों में के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर ली गई और उनकी जांच की जा रही है। जॉइंट सेक्रेटरी ने बताया, "दोनों मरीजों में हल्के लक्षण हैं। उनके सभी संपर्कों की पहचान कर ली गई है और उनकी निगरानी की जा रही है। प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।"

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद ICMR के डायरेक्टर जनरल, बलराम भार्गव ने कहा, "हमें घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन जागरूकता बेहद जरूरी है। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की जरूरत है। जिन नागरिकों ने अभी तक वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं ली है, उन्हें समय पर टीकाकरण करना लेना चाहिए।"

कोरोना वैक्सीन ZyCov-D भारत के 7 राज्यों में होगी लॉन्च, जानिए पूरी डिटेल


लव अग्रवाल ने आगे बताया, "भारत के अलावा 29 देशों में ओमिक्रोन के 373 मामले अब तक दर्ज किए गए हैं।" उन्होंने कहा "विश्व में अभी भी कोविड के मामलों में तेजी देखी जा रही है। पिछले एक हफ्ते में दुनिया में 70% मामले यूरोप से आए हैं। एक हफ्ते में यूरोप में 2.75 लाख कोविड मामले आए और 29,000 से अधिक मृत्यु एक हफ्ते में यूरोप में दर्ज की गई।"

जॉइंट सेक्रेटरी ने कहा, "कोविड के नए वेरिएंट ओमीक्रॉन के बारे में बहुत से तथ्य विज्ञान के द्वारा अभी सामने आने हैं। भविष्य में जो भी निर्णय लिए जाए वे सभी निर्णय वैज्ञानिक तथ्यों के सामने आने के बाद ही लिए जाने चाहिए।"

वहीं प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मौजूद नीति आयोग के सदस्य डॉ. वी के पॉल ने कहा, "पूरी दुनिया में अभी ओमीक्रॉन की विशेषताएं और प्रभाव को समझा जा रहा है। वैक्सीन के बूस्टर डोज के लिए अध्ययन किया जा रहा है। जैसे-जैसे जो स्थिति सामने आएगी उसके आधार पर आगे फैसले लिए जाएंगे।"

इस बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने हमारे सहयोगी चैनल News18 के एक कार्यक्रम में कहा कि कर्नाटक में सिर्फ उन्ही यात्रियों को आने की इजाजत दी जाएगी, जो 'स्वस्थ' हैं। उन्होंने कहा, "अगर कोई विदेश से आ रहा है, तो यह उसकी खुद की सुरक्षा के अलावा दूसरे लोगों की सुरक्षा के लिए भी यह जरूरी है कि वह स्वस्थ हो।"

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वैक्सीनेशन के बारे में जानकारी देते हुए लव अग्रवाल ने कहा, "देश में हम अब तक लोगों को 125 करोड़ से ज्यादा कोविड वैक्सीन की डोज लगा चुके हैं। 84.3% लोगों को वैक्सीन की पहली डोज और 45.92% लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुके हैं।"

लव अग्रवाल ने बताया, "देश में दो राज्य ऐसे हैं जहां 10,000 से अधिक सक्रिय मामले हैं। वह केरल और महाराष्ट्र हैं। 44,000 सक्रिय मामले केरल और 11,000 मामले महाराष्ट्र में हैं। कोविड के 55% मामले देश में इन्हीं दो राज्यों से आ रहे हैं।"मउन्होंने बताया, "देश में इस वक्त कोविड के 99,763 सक्रिय मामलों की संख्या है। पिछले 24 घंटे में देश में कोविड के 9,765 नए मामले सामने आए हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।