UP Board 10th and 12th Exam: 20 मई तक स्थगित हुई हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएं

यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं भी 15 मई तक टाल दी गई हैं

अपडेटेड Apr 15, 2021 पर 5:38 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

कोरोना के चलते कल सीबीएसई की 10वीं परीक्षा रद्द की गई और 12वीं की परीक्षा स्थगित की गई है। केंद्रीय बोर्ड के बाद राज्य के बोर्डों द्वारा भी कोरोना संक्रमण को देखते हुए परीक्षाएं स्थगित या रद्द करने का सिलसिला जारी है। अब ताजा खबर के तहत उत्तर प्रदेश सरकार ने हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षाएं 20 मई तक स्थगित कर दी हैं। यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं भी 15 मई तक टाल दी गई हैं।राज्य के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई मीटिंग में निर्णय लिया गया है।

बरेली के एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के ऑनलाइन संबोधन के दौरान गुरुवार को उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को भी 20 मई तक के लिए स्थगित किया जा रहा है। इसी तरह युनिवर्सिटी की परीक्षाओं और ऑनलाइन कक्षाओं को 15 मई तक लिए स्थगित किया जा रहा है।  इसके बाद मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक कर आगे का फैसला किया जाएगा।

बता दें कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं एक साथ 8 मई से शुरू होनी थीं। 10वीं की परीक्षा 12 कार्य दिनों बाद 25 मई को समाप्त होनी थी जबकि 12वीं की परीक्षा 15 दिनों में पूरी होकर 28 मई को समाप्त होनी थी। लेकिन अब बोर्ड हालात की समीक्षा करने के बाद नया टाइम टेबल जारी करेगा। इसके पहले यूपी बोर्ड की परीक्षाएं टालीं गईं थी। प्रदेश में इससे पहले पंचायत चुनाव के कारण यूपी बोर्ड की परीक्षाओं को टाला गया था। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं का आयोजन पहले 24 अप्रैल से होना था।

वहीं मुख्यमंत्री ने कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल व कॉलेज को लेकर भी आदेश जारी कर दिया है। प्रदेश में अब कक्षा 1 से लेकर 12 तक के सभी स्कूल व कॉलेज 15 मई तक बंद रहेंगे। प्रदेश में कोरोना वायरस के के बढ़ते मामलों को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ का बड़ा आदेश है। वैसे फिलहाल सीएम योगी आदित्यनाथ कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के कारण आइसोलेशन में हैं।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।