Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दुबई के लिए सब्जियों का पहला कन्साइन्मेंट एयर इंडिया की फ्लाइट से भेजा गया है। इसमें 3 टिन भिंडी, एक टन गाजर, 800 किलो मटर शामिल है। जल्द ही गाजर, मटर और मिर्च का निर्यात यूरोपीय देशों को भी किया जाएगा। कहा जा रहा है कि लखनऊ से हर हफ्ते 4 कन्साइन्मेंट भेजे जाएंगे। राज्य के कृषि सूर्यप्रताप शाही ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इस सीजन में पहली बार लखनऊ से दुबई के लिए सब्जियों की खेप एयर इंडिया की फ्लाइट से भेजी गई हैं।
शाही ने आगे कहा कि अब हर हफ्ते 10 टन सब्जियां अरब देशों को निर्यात की जाएंगी। इससे किसानों के उत्पादों को देश के अन्य राज्यों और विदेश में बेचकर बेहतर कीमत मिलेगी।
राज्य में बन रहे हैं 4 पैक हाउस
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राज्य में 4 पैक हाउस बनाए जा रहे हैं। जिसमें लखनऊ, सीतापुर, अमरोहा और वाराणसी शहरों के नाम शामिल हैं। साल 2021-23 में 1,59,344 मीट्रिक टन करीब 161 करोड़ रुपये के उत्पाद निर्यात किए जा चुके हैं। आने वाले दिनों में वाराणसी से भी यूरोप के लिए सब्जियों का निर्यात किए जाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए शहर में जल्द ही लैब भी बनाई जाएगी। उधर सरकार ने किसानों को आलू और राई, सरसों की फसलों को बीमारियों से बचाने की अपील की है। ताकि विदेशों में बड़े स्तर पर निर्यात किया जा सके।
वहीं शाही ने अधिकारियों से कहा कि फसलों की नियमित निगरानी के साथ किसानों को रोगों, कीटों और उनके नियंत्रण के प्रति जागरूक करते रहें। मंडलों में कृषि रक्षा रसायनों की व्यवस्था करें। इस मौके पर राज्य के कृषि विदेश व्यापार और निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अच्छी गुणवत्ता की सब्जियों के निर्यात में रूचि रखने वाले किसानों की हर संभव मदद की जाएगी। जिससे किसानों की कमाई में इजाफा हो।