Delhi NCR housing sales: रेपो रेट में लगातार वृद्धि और कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद साल 2022 में पिछले साल की तुलना में दिल्ली-NCR में घरों की बिक्री में इजाफा हुआ है। 2022 में दिल्ली-NCR में 67 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 58,460 घर बिके हैं। दिलचस्प बात यह है कि 2022 की दूसरी छमाही में एनसीआर में बेची गई आधी घरों की कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक थी। बता दें कि देश के 8 बड़े शहरों में घरों की बिक्री 34 फीसदी बढ़कर 9 साल के रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गई है। आंकड़ों के मुताबिक, मुंबई 85,169 इकाइयों के साथ आवासीय बिक्री के मामले में टॉप पर रहा।
साल 2022 में मुंबई में सबसे ज्यादा 85,169 घर बिके हैं, यह आंकड़ा वर्ष 2021 की तुलना में 35 फीसदी ज्यादा है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में आवासीय संपत्तियों की मांग 67 फीसदी बढ़कर 58,460 इकाई हो गई जबकि बेंगलुरु में मांग 40 फीसदी की ग्रोथ के साथ 53,363 इकाई पर पहुंच गई। हालांकि, पिछले वर्ष के दौरान कोलकाता एकमात्र ऐसा शहर रहा जहां आवासीय बिक्री में गिरावट देखी गई। यह 10 फीसदी की गिरावट के साथ 12,909 इकाई रहा।
दिल्ली एनसीआर में कहां कितने घर बिके?
2022 की दूसरी छमाही में दिल्ली एनसीआर में बेचे गए कुल घरों में 41 फीसदी घर गुरुग्राम में बेचे गए, जबकि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में कुल मिलाकर 54 फीसदी घर बिके। रिपोर्ट के मुताबिक, नई इन्वेंट्री की सीमित उपलब्धता प्रोजेक्ट के पूरा नहीं होने के चलते नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बिक्री कम हुई है। नाइट फ्रैंक इंडिया ने अपनी फ्लैगशिप अर्ध-वार्षिक रिपोर्ट इंडिया रियल एस्टेट: 2022 के 18 वें एडिशन में कहा कि NCR में 2022 की दूसरी छमाही में 34,507 घर लॉन्च हुए, जो कि 2021 की दूसरी छमाही से लगभग दोगुनी है। इस रिपोर्ट में जुलाई-दिसंबर 2022 में 8 बड़े शहरों में रेसिडेंशियल और ऑफिस मार्केट परफॉर्मेंस का विश्लेषण है।
गुरुग्राम में सबसे ज्यादा लॉन्च हुए
रिपोर्ट में कहा गया है कि गुरुग्राम में रेसिडेंशिय प्रोडक्ट्स की मजबूत मांग रही और यहां नसीआर में कुल लॉन्च का 61 प्रतिशत हिस्सा यहीं से जुड़ा है। 2022 की दूसरी छमाही में डीएलएफ फेज I, द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ सेक्टर 37D और न्यू गुरुग्राम में सेक्टर 84, 93 और 113 में आवासीय लॉन्च हुए। गोल्फ कोर्स रोड और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड में भी कुछ लॉन्च हुए। एनसीआर की कुल बिक्री में नोएडा की हिस्सेदारी एक साल पहले के 19 प्रतिशत से 2022 की दूसरी छमाही में घटकर 14 प्रतिशत हो गई।
आवास की कीमतों में औसतन 7 प्रतिशत की वृद्धि
2022 में, एनसीआर में औसत आवासीय कीमतों में सालाना आधार पर 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। गाजियाबाद NH24 बेल्ट में 4 प्रतिशत की कीमत में वृद्धि देखी गई जबकि राज नगर एक्सटेंशन में 1 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। ग्रेटर नोएडा में, सेक्टर 1 और ओमिक्रॉन 1 में 7 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई, नोएडा के सेक्टर 78 में 5 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि सेक्टर 143 में 4 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई।