Credit Cards

Vasant Vihar wall collapse: वसंत विहार में मलबे के नीचे से मिले 3 शव, दिल्ली में बारिश से मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 11

Vasant Vihar wall collapse: DFS अधिकारियों ने कहा कि तीन मजदूरों के शव मलबे से निकाले गए हैं। उनमें से दो की पहचान 19 साल के संतोष कुमार यादव और 20 साल के संतोष कुमार के रूप में की गई है। अधिकारियों ने बताया कि तीसरे मजदूर की पहचान 45 साल के दयाराम के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी के साथ साइट पर काम करती थी

अपडेटेड Jun 29, 2024 पर 10:04 PM
Story continues below Advertisement
Vasant Vihar wall collapse: वसंत विहार में मलबे के नीचे से मिले 3 शव

भारी बारिश के बीच दिल्ली के वसंत विहार इलाके में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर ढह गई दीवार के मलबे से शनिवार को तीन मजदूरों के शव निकाले गए। अधिकारियों ने ये जानकारी दी। इसके साथ ही दिल्ली में बारिश से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। निर्माणाधीन दीवार शुक्रवार को ढह गई और घटना की जानकारी सुबह करीब साढ़े पांच बजे दिल्ली फायर सर्विस (DFS) को दी गई।

DFS अधिकारियों ने कहा कि तीन मजदूरों के शव मलबे से निकाले गए हैं। उनमें से दो की पहचान 19 साल के संतोष कुमार यादव और 20 साल के संतोष कुमार के रूप में की गई है। अधिकारियों ने बताया कि तीसरे मजदूर की पहचान 45 साल के दयाराम के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी के साथ साइट पर काम करती थी।

नींव के गड्ढे से पानी निकाला गया


मलबे को हटाने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया गया और शवों को निकालने के लिए नींव के गड्ढे से पानी निकाला गया। उन्होंने बताया कि शवों को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया।

बाद में यह सुनिश्चित करने के लिए तलाशी अभियान चलाया गया कि मलबे में कोई और न फंसा हो।

अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और नागरिक एजेंसियों की टीमों ने ऑपरेशन को अंजाम दिया है।

माता-पिता के इकलौते बेटे थे संतोष

बिहार के सुपौल में रहने वाले संतोष कुमार अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। कुमार के परिजन सत्यवान ने बताया कि संतोष चार साल पहले काम की तलाश में दिल्ली आया था।

सत्यवान ने कहा, "वो कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करता था और बिहार में अपने माता-पिता को पैसे भेजता था। परिवार बहुत गरीब है।" उन्होंने बताया कि वो दो हफ्ते पहले ही इस साइट पर काम करने गया था।

दूसरा संतोष, जो बिहार के सुपौल का रहने वाला है, उसके परिवार में दो भाई और माता-पिता हैं। सत्यवान ने कहा, उनके दो भाई दिल्ली में एक दूसरी कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करते हैं।

पुलिस ने दर्ज किया केस

दयाराम उत्तर प्रदेश के झांसी के मूल निवासी थे। उन्होंने बताया कि उनके दोनों बेटे अपने परिवार के साथ यूपी में रहते हैं।

वसंत विहार पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ IPC की धारा 288 (इमारतों को गिराने या मरम्मत के संबंध में लापरवाही) और 304A (लापरवाही से मौत का कारण) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्लॉट पर घर बनाने के लिए बेसमेंट का निर्माण किया गया था। ठेकेदार और प्लॉट के मालिक से पूछताछ की गई है और जांच जारी है।

एक दिन में 6 लोगों की मौत

शनिवार को सिरसपुर अंडरपास के जलजमाव वाले हिस्से में दो लड़के डूब गए। शुक्रवार को बारिश के कारण हुईं घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई, क्योंकि मॉनसून अपने रौद्र रूप के साथ आया था, जिससे शहर में 88 सालों में जून के एक ही दिन में सबसे ज्यादा बारिश हुई।

मृतकों में एक कैब ड्राइवर शामिल है, जिसकी दिल्ली हवाई अड्डे पर एक छतरी का एक हिस्सा गिरने से मौत हो गई, एक 39 साल के व्यक्ति जिसकी रोहिणी के प्रेम नगर इलाके में करंट लगने से मौत हो गई और चार लोग जो न्यू उस्मानपुर, शालीमार बाग और ओखला इंडस्ट्रियल में डूब गए।

दिल्ली में भारी बारिश हुई जानलेवा, ओखला अंडरपास में डूबा एक शख्स, अस्पताल पहुंचाने तक हुई मौत

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।