'विकसित भारत संकल्प यात्रा' से सिर्फ 50 दिन में जुड़े 11 करोड़ लोग, PM मोदी ने लाभार्थियों से की बातचीत

Viksit Bharat Sankalp Yatra: वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस यात्रा के दौरान 2 करोड़ से ज्यादा गरीबों के स्वास्थ्य की जांच हुई है। इसी समय में 1 करोड़ लोगों की TB की बीमारी की भी जांच हुई है। जबकि 22 लाख लोगों की सिकल सेल एनीमिया की जांच हुई है

अपडेटेड Jan 08, 2024 पर 2:12 PM
Viksit Bharat Sankalp Yatra: पीएम ने कहा कि इतने कम समय में इस यात्रा से 11 करोड़ लोगों का जुड़ना अपने आप में अभूतपूर्व है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विकसित भारत संकल्प यात्रा (Viksit Bharat Sankalp Yatra programme) के लाभार्थियों से बातचीत की। इस दौरान लाभार्थियों ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। पिछले साल 15 नवंबर को इस कार्यक्रम की शुरुआत के बाद से पीएम मोदी ने पूरे देश में 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' के लाभार्थियों के साथ नियमित रूप से संवाद किया है।

यह यात्रा देश भर में सरकार की प्रमुख योजनाओं की शत प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है। इसके तहत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि केंद्र की योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से सभी लक्षित लाभार्थियों तक पहुंचे। इस साल 5 जनवरी को अभियान ने उस वक्त एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की, जब इसमें भाग लेने वाले लोगों की संख्या 10 करोड़ को पार कर गई।

PM मोदी के संबोधन की बड़ी बातें


- इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि 2-3 दिन पहले ही विकसित भारत संकल्प यात्रा ने अपने 50 दिन पूरे किए हैं। इतने कम समय में इस यात्रा से 11 करोड़ लोगों का जुड़ना अपने आप में अभूतपूर्व है। पीएम मोदी ने कहा कि समाज में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार खुद पहुंच रही है, उसे अपनी योजनाओं से जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा सिर्फ सरकार की नहीं बल्कि देश की यात्रा बन चुकी है। सपनों, संकल्पों और भरोसे की यात्रा बन चुकी है।

- पीएम मोदी ने कहा कि मुझे खुशी है कि सरकार के इन प्रयासों का बहुत बड़ा लाभ हमारी करोड़ों माताओं बहनों को मिल रहा है। आज महिलाएं खुद आगे आकर नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। पहले ऐसी अनेक बहनें थीं, जिनके पास सिलाई, बुनाई, कढ़ाई जैसी कोई न कोई स्किल थी, लेकिन उनके पास अपना काम शुरू करने के लिए कोई साधन नहीं था। उन्होंने कहा कि

मुद्रा योजना ने उन्हें आने सपनें पूरे करने का भरोसा दिया है। आज गांव-गांव में रोजगार और स्वरोजगार के नए मौके बन रहे हैं।

- वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विकसित भारत संकल्प यात्रा (Viksit Bharat Sankalp Yatra) के लाभार्थियों से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस यात्रा के दौरान 2 करोड़ से ज्यादा गरीबों के स्वास्थ्य की जांच हुई है। इसी समय में 1 करोड़ लोगों की TB की बीमारी की भी जांच हुई है। जबकि 22 लाख लोगों की सिकल सेल एनीमिया की जांच हुई है। पीएम ने कहा कि ये सारे लोग गांव, गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज के लोग हैं।

ये भी पढ़ें- Ram Mandir: न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर 22 जनवरी को होगा राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण

- PM ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का सबसे बड़ा मकसद है कि कोई भी हकदार सरकारी योजना के लाभ से छूटना नहीं चाहिए। कई बार जागरूकता की कमी से या दूसरे कारणों से कुछ लोग सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों तक पहुंचना हमारी सरकार अपना दायित्व समझती है। इसलिए मोदी की गारंटी की ये गाड़ी गांव-गांव जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।