Get App

Wayanad Landslide: केरल के वायनाड में मलबे से अभी भी निकल रहे शव, अब तक 150 लोगों की मौत की पुष्टि

Wayanad landslide death toll: केरल के भूस्खलन प्रभावित वायनाड जिले में मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए बुधवार सुबह बचाव अभियान फिर शुरू किया गया। इस बीच, प्राधिकारी भूस्खलन के बाद लापता लोगों की संख्या आंकने के लिए डेटा इक्ट्ठा कर रहे हैं। केंद्र ने राज्य सरकार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है

Akhileshअपडेटेड Jul 31, 2024 पर 11:06 AM
Wayanad Landslide: केरल के वायनाड में मलबे से अभी भी निकल रहे शव, अब तक 150 लोगों की मौत की पुष्टि
Wayanad landslide: वायनाड के कई परिवारों ने भूस्खलन के बाद उनके प्रियजनों के लापता होने की जानकारी दी है

Wayanad landslide Death toll: केरल में वायनाड जिले में मंगलवार (30 जुलाई) सुबह हुए दो बड़े भूस्खलन में मृतकों की संख्या बढ़कर 150 हो गई है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि लगभग 197 घायल लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया तथा 90 लोग अभी भी लापता हैं। उन्होंने कहा कि चूरामला शहर में भूस्खलन से कम से कम 70 घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। जबकि वेल्लारामला जीवीएचएसएस स्कूल आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया और कई दुकानें पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं। कई परिवारों के सदस्यों ने बताया है कि उनके प्रियजनों का पता नहीं चल पाया है। वायनाड में 45 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जिनमें 3,069 लोगों को रखा गया है।

इस बीच, विभिन्न बचाव एजेंसियों ने इस त्रासदी में फंसे संदिग्ध लोगों का पता लगाने के लिए बुधवार को सुबह-सुबह अपना अभियान फिर से शुरू कर दिया है। केरल सरकार ने 30 और 31 जुलाई को शोक की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये मुआवजे के रूप में देने की घोषणा की है। केरल सरकार ने नागरिकों की इमरजेंसी कॉलों पर ध्यान देने के लिए दो नियंत्रण कक्ष खोले हैं (9656938689 और 8086010833)।

भारतीय सेना ने संभाला मोर्चा

केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) के अनुसार, अग्निशमन और बचाव, नागरिक सुरक्षा, NDRF और स्थानीय आपातकालीन प्रतिक्रिया दल के सदस्य बचाव अभियान में शामिल हैं। DSC केंद्र कन्नूर और कोझीकोड से 122 TA बटालियन के लगभग 200 भारतीय सेना के जवान भी घटनास्थल पर हैं। इसके साथ ही, वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर एक Mi-17 और एक ALH भी बचाव अभियान का हिस्सा हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें