Weather Update: देश की राष्टीय राजधानी दिल्ली में रविवार को सुबह से शीतलहर का प्रकोप जारी है। पूरे शहर में घना कोहरा छाया हुआ है। तापमान में लगातार गिरावट बनी हुई है। मौसम विभाग (India Meteorological Department -IMD) ने आज के लिए दिल्ली समेत उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में ‘ऑरेंज’ अलर्ट (orange alert) जारी किया है। जिसमें चेतावनी दी गई है कि घना कोहरा, ठंड और शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। दिल्ली समेत उत्तर भारत में शनिवार को भी शीतलहर का कहर जारी रहा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सुबह घने कोहरे के चलते कई फ्लाइट्स और ट्रेन लेट हैं।
फ्लाइट्स लेट होने के चलते यात्रियों का हाल बेहाल है। यात्रियों का कहना है कि एयरपोर्ट पर घना कोहरा छाया हुआ है। जिससे विजिबिलिटी बेहद कम है। कड़ाके ठंड पड़ रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली गांधी एयरपोर्ट पर 8 जनवरी को सुबह 6 बजे से 20 उड़ानें लेट हैं। सुबह करीब 5 बजे विजिबिलिटी 50 से कम दर्ज किया गया।
भारत के उत्तरी भाग में चलने वाली ज्यादातर ट्रेनें कोहरे के कारण देरी से चल रही हैं। इनमें कई ट्रेनें दिल्ली से होकर गुजरती हैं। जिनमें पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस और पद्मावत एक्सप्रेस शामिल हैं। उत्तर रेलवे (Northern Railways) की 42 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। आलम यह है कि अपने सही समय से चलने के लिए मशहूर यूपी-बिहार से होकर गुजरने वाली राजधानी, सियालदह, दुरंतो एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें 8 से 10 घंटे की देरी से चल रही हैं। शीतलहर के बीच घने कोहरे के चलते रेल यात्रियों का हाल बेहाल है।
इन राज्यों में शीतलहर का कहर
मौसम विभाग के मुताबिक, भारत के मैदानी इलाकों में घना कोहरा जारी रह सकता है। हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा में इसकी तीव्रता कम हो सकती है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर और पश्चिम राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में शीतलहर काप्रकोप जारी रह सकता है। आज उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 1-3 डिग्री सेल्सियस के बीच हो सकता है। वहीं हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 3-7 डिग्री सेल्सियस के पास रह सकता है।