Weather Forecast: ठंड और कोहरे के बीच इन राज्यों में अगले दो दिन में होगी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

Weather Forecast: अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी रहने की आशंका है। उसके बाद इसकी तीव्रता में कमी आने की संभावना है। दिल्ली में बुधवार सुबह इस मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

अपडेटेड Jan 04, 2023 पर 4:23 PM
Weather Forecast: सबसे कम तापमान राजस्थान में है। चूरू में दो दिन से तापमान जीरों से नीचे चल रहा है

Weather Forecast: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi Cold Wave) में बुधवार सुबह इस मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस (Minimum Temperature in Delhi) दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 200 मीटर रह गई, जिससे सड़क और रेल परिवहन प्रभावित हुआ है। रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि घने कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली कम से कम 19 ट्रेन डेढ़ घंटे से साढ़े चार घंटे तक देरी से चल रही हैं।

IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामनी ने कहा कि दिल्ली में अभी जो ठंड की स्थिति है वैसे 24-48 घंटे और रहेगी। हमने अगले 2 दिनों के लिए दिल्ली-NCR में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बाकि उत्तर भारत में दिल्ली जैसा ही हाल है। सबसे कम तापमान राजस्थान में है। चूरू में दो दिन से तापमान जीरों से नीचे चल रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में रात का तापमान बेहतर है। कोहरे की बात करें तो पिछले 48 घंटों में पंजाब, यूपी, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में रात और सुबह में जीरो से 50 मीटर विजिबिलिटी होती है। अभी दिल्ली में जो स्थिति बनी है इसमें अगले 2 दिनों में थोड़ा सुधार होगा।


इन राज्यों में बारिश की चेतावनी

इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने बुधवार को कहा कि अगले 2 दिनों के दौरान दक्षिण मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में हल्की बारिश होने की आशंका है। अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में शीतलहर की ऐसी ही स्थिति जारी रहने और उसके बाद इसकी तीव्रता में कमी आने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- Rishabh Pant Car accident: ऋषभ पंत को देहरादून से मुंबई किया जाएगा शिफ्ट, इलाज के लिए विदेश भी भेज सकती है BCCI

मौसम विभाग ने यह भी कहा कि मंगलवार से बुधवार तक उत्तर पश्चिम भारत और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2-6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। बुधवार को उत्तर प्रदेश और राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भीषण शीत लहर की स्थिति देखी गई। उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड में भी अगले 24 घंटों के दौरान घना कोहरा छाया रहेगा।

IMD फोरकास्ट की बड़ी बातें

- अगले 3 दिनों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाया रहेगा।

- अगले 2-3 दिनों के दौरान उत्तराखंड और राजस्थान में भी घना कोहरा छाया रहेगा।

- 7 जनवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश या बर्फबारी की भविष्यवाणी की गई है।

- अगले 5 दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश में, अगले 2-3 दिनों के दौरान उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा में अत्यधिक ठंड पड़ने की आशंका है।

-IMD ने यह भी कहा कि अगले 2 दिनों के दौरान बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।