Rishabh Pant Car accident: टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) को देहरादून के अस्पताल से मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा, जहां उनकी घुटने और टखने की चोट का व्यापक इलाज होगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड () के एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई को बताया कि ऋषभ को उनकी लिगामेंट चोटों के इलाज के लिए मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। वहीं पर आगे के इलाज पर फैसला होगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर क्रिकेटर को इलाज के लिए विदेश भी भेजा जा सकता है। ऋषभ पंत के BCCI से सूचीबद्ध प्रसिद्ध खेल ऑर्थोपेडिक डॉ दिनशॉ परदीवाला की देखरेख में रहने की उम्मीद है। अगर सर्जरी की सलाह दी जाती है तो फैसला किया जाएगा कि यह ब्रिटेन में होगी या अमेरिका में।
25 साल के पंत एक भयानक कार दुर्घटना में बाल-बाल बच गए जब वह दिल्ली से अपने गृहनगर रुड़की जा रहे थे। नेशनल हाईवे 58 पर वह नियंत्रण खो बैठे और उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। पंत के माथे पर चोट के निशान थे, पीठ में गंभीर चोट के साथ-साथ उनके घुटने और टखने में चोट लगी।
अधिकांश चोटें हल्की थी लेकिन टखने और घुटने की चोट चिंताजनक है जिसके लिए मैक्स, देहरादून में इलाज चल रहा है। हालांकि, बीसीसीआई से एक केंद्रीय अनुबंधित क्रिकेटर होने के कारण उनकी चोट का इलाज बोर्ड का विशेषाधिकार है।
उनके घायल घुटने और टखने का MRI नहीं किया जा सका क्योंकि काफी सूजन थी। हालांकि यह समझा जाता है कि केंद्रीय अनुबंधित क्रिकेटर के लिए किसी भी खेल संबंधी चोट का इलाज बीसीसीआई के तय डॉक्टरों द्वारा किया जाएगा। डॉ नितिन पटेल के नेतृत्व में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी ( NCA) में खेल और मेडिकल साइंस टीम की देखरेख में रिहैबिलिटेशन होगा।