Credit Cards

IMD Alert: आसमान से आफत बनकर बरसी बारिश! राजस्थान और हिमाचल में 10 लोगों की मौत, इन राज्यों में आज बरसेंगे बादल

IMD Rainfall Alert: मौसम विभाग की मानें तो इस सप्ताह पूर्वमध्य, उत्तर पश्चिम और पश्चिम भारत के राज्यों में मानसून के असर से बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और असम में बारिश ने भारी तबाही मचाई हुई है। कहीं पर पहाड़ दरक रहे हैं तो कहीं पर बाढ़ के कारण सैकड़ों लोगों के घर उजड़ गए हैं। कई राज्यों में सड़कों पर सैलाब बह रहा है। इस बीच, IMD ने देश के करीब 25 राज्यों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है

अपडेटेड Jun 27, 2023 पर 1:02 PM
Story continues below Advertisement
IMD Rainfall Alert: देश के अधिकतर हिस्सों में दक्षिण पश्चिम मानसून दस्तक दे चुका है

IMD Rainfall Alert: देश के अधिकतर हिस्सों में दक्षिण पश्चिम मानसून दस्तक दे चुका है। इसका असर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत तमाम राज्यों में नजर आने लगा है। मौसम विभाग की मानें तो इस सप्ताह पूर्वमध्य, उत्तर पश्चिम और पश्चिम भारत के राज्यों में मानसून के असर से बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और असम में बारिश ने भारी तबाही मचाई हुई है। कहीं पर पहाड़ दरक रहे हैं तो कहीं पर बाढ़ के कारण सैकड़ों लोगों के घर उजड़ गए हैं। कई राज्यों में सड़कों पर सैलाब बह रहा है। इस बीच, IMD ने देश के करीब 25 राज्यों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल और राजस्थान में 10 की मौत

मानसून के दस्तक देने के साथ ही उत्तर और पश्चिमी भारत के विभिन्न हिस्सों में अचानक बाढ़ आने, भूस्खलन होने और कई जगहों पर सड़कें बंद होने खबरें हैं। इसी कड़ी में राजस्थान में सोमवार को बिजली गिरने से कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई। जबकि हिमाचल प्रदेश में बारिश से 6 लोगों की जान चली गई और सैंकड़ों लोग भूस्खलन की वजह से नेशनल हाईवे पर फंस गए। मौसम विभाग ने कहा कि मानसून उत्तरी अरब सागर, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में और आगे बढ़ रहा है। दिल्ली में सोमवार को मौसम उमस भरा रहा, जबकि राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, जिससे तापमान काबू में रहा।


राजस्थान में मानसून की पहली बारिश ने राज्य के कुछ इलाकों को जलमग्न कर दिया। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। पाली जिले में बिजली गिरने के बाद दिनेश (21) की मौत हो गई। जबकि बारण के पटपड़ी में ऐसी ही एक घटना में दो भाइयों हरिराम (46) तथा कमल (32) की जान चली गई। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ में बिजली गिरने से एक 10 वर्षीय लड़की की मौत हो गई।

ये भी पढ़ें- Vande Bharat Express: देश को मिली 5 वंदे भारत ट्रेनों की सौगात, पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी, देखें रूट्स सहित पूरी डिटेल्स

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के औट में भीषण बारिश से अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण चंडीगढ़-मनाली हाईवे जाम होने से यहां सैकड़ों यात्री फंस गए। हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रबंधन के प्रधान सचिव ओंकार चंद शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन और बाढ़ के कारण कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई है और 10 अन्य घायल हो गए हैं। अधिकारी के मुताबिक, बारिश से 3 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

IMD ने देश के कुल 25 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, जिन राज्यो में इस सप्ताह बारिश होने की आशंका है उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, ओडिशा, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, जम्मू कश्मीर, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, गोवा, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, असम, कर्नाटक झारखंड, मेघालय, नगालैंड, केरल, त्रिपुरा, मिजोरम और महाराष्ट्र शामिल हैं है। IMD ने मध्य प्रदेश के 8 जिलों में 24 घंटों के दौरान भारी बारिश की आशंका जताई है। वहीं, छत्तीसगढ़ के 6 जिलों और दिल्ली में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।