दिल्ली वासियों को भले ही गर्मी से कुछ दिनों की राहत मिली हो, लेकिन अब फिर भीषण गर्मी की मार पड़ सकती है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के लिए भीषण गर्मी के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं 11 से 13 जून तक एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। लगातार दूसरे दिन भी कई अन्य इलाकों में गर्मी भीषण गर्मी देखने को मिली।
मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 3.5 डिग्री अधिक है, जबकि कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। नरेला में 46.6 डिग्री सेल्सियस और नजफगढ़ में 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आया नगर में 44.7 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 43.8 डिग्री सेल्सियस और पालम 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Delhi Heatwave: दिल्ली में आज ऑरेंज अलर्ट जारी
भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने आज दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली में 11 से 13 जून तक ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। वहीं हीटवेव की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने पहले ही 14 जून तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आज दिन में 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ लू चलने से आसमान साफ रहेगा। विभाग ने बताया कि अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। बता दें कि मैदानी इलाकों में अगर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार कर जाता है तो हीटवेव की स्थिति पैदा हो जाती है।
गुजरात में 12 जून तक मानसून दे सकता है दस्तक
दक्षिण पश्चिम मानसून अगले 48 घंटों में गुजरात पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, गुजरात में लोग पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। बुधवार (12 जून) सुबह तक दक्षिण गुजरात के सभी जिलों के साथ-साथ उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग ने इस साल भारत में औसत से ज्यादा बारिश हो सकती है।