देश के कई इलाके अभी भी भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। वहीं कुछ राज्यों में मानसून ने दस्तक दे दी है। इससे वहां झामझम बारिश जारी है। लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 10 जून से 13 जून तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, बिहार और झारखंड के अलग-अलग स्थानों पर लू का दौर जारी रह सकता है। वहीं कर्नाटक, महाराष्ट्र, असम और मेघालय में मानसून ने दस्तक दे दी है। इससे कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
दक्षिण पश्चिम मानसून सामान्य समय से दो दिन पहले ही महाराष्ट्र में दस्तक दे चुका का है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, मुंबई में आमतौर पर मानसून 11 जून तक आ जाता है। हालांकि पिछले साल अरब सागर में बिपरजॉय चक्रवाती तूफान के कारण 24 जून को आया था। मुंबई में 9 जून से बारिश हो रही है। शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिली।
दिल्ली में एक बार फिर जानलेवा लू का दौर शुरू हो रहा है। यह लू कम से कम 15 जून तक चलेगी। इस दौरान तापमान 45 से 46 डिग्री तक जा सकता है। अगले तीन दिन के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को भी कुछ जगहों पर तापमान 45 डिग्री के आसपास रहा। रविवार से ही गर्मी बढ़ने लगी है। अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री के स्तर पर पहुंच गया। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री रहा जो कि सामान्य है। IMD के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
अन्य राज्यों में मौसम का हाल
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट से मिली जानकारी के मुताबकि, अगले 24 घंटों के दौरान, दक्षिण कोंकण गोवा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। इसके साथ ही तेलंगाना, मराठवाड़ा, उत्तरी कोंकण और गोवा, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, केरल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, असम और मेघालय में 11 से 13 जून 2024 के दौरान भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान असम में 64.5-115.5 मिमी और मेघालय में 115.5-204.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है।