देश के अलग-अलग हिस्सों में इन दिनों मौसम का मिजाज अलग-अलग है। कहीं भीषण बारिश तो कहीं हल्की बारिश तो कहीं लोग गर्म हवाओं के थपेड़ों से परेशान हैं। हालांकि पिछले कुछ दिनों से देशभर के तापमान में गिरावट आई है। इससे पहले के मुकाबले गर्मी में कुछ राहत देखी जा रही है। आज (8 जून) की बात करें तो पहाड़ों पर मौसम सुहाना बना हुआ है। दिल्ली-एनसीआर में सूरज की तेजी में कुछ कमी आई है। मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि 8 जून से कर्नाटक और महाराष्ट्र के तटों पर बारिश शुरू हो जाएगी। महाराष्ट्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन से राज्य के कई हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
मुंबई के उपनगरीय इलाकों में आज सुबह से हल्की बारिश हुई। कई इलाकों में बादल छाए हुए है। रिमझिम बारिश हो रही है। मुंबईकरों को सुबह से हुई बारिश से काफी आराम मिला है। मौसम विभाग ने 10 जून तक गोवा, कर्नाटक, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का अनुमान लगाया है। केरल में 9 जून तक भारी बारिश होने की आशंका जताई है। 9 और 10 जून को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी बारिश होने की उम्मीद है।
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में 5 मई से हर शाम आंधी-तूफान और बारिश जारी है। जिससे रात से सुबह तक हवाएं कुछ ठंडी हो जाती हैं। मौसम विभाग ने ज (8 जून 2024) भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और धूल भरी आंधी चलने या गरज के साथ छींटे पड़ने और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने आज राष्ट्रीय राजधानी के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान42 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि अगले हफ्ते से दिल्ली में एक बार फिर से हीटवेव की वापसी के आसार हैं। ताजा पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) की वजह से दिल्ली के मौसम में बदलाव देखने को मिला है।
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश के मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। आज यहां मौसम शुष्क रहने की संभावना है। यूपी के अलग-अलग इलाकों में आज लू चल सकती है। यूपी के बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरेया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाकों में लू के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा कई इलाकों में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और इसके उपनगरीय इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। मुंबई में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मुंबई में 9 और 10 जून के बीच मानसून के आने की उम्मीद है।
इन राज्यों में बारिश के आसार
कर्नाटक, केरल के कुछ हिस्सों, लक्षद्वीप, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। विदर्भ, सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, दक्षिण गुजरात, जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटों में कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। बड़वानी, खरगोन, खंडवा, इंदौर, देवास, धार, बैतूल, उज्जैन, झाबुआ और अलीराजपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।