Cyclone Shakhti: अरब सागर में उठा चक्रवाती तूफान 'शक्ति' अब गुजरात तट से दूर, पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के शनिवार शाम के बुलेटिन के अनुसार, चक्रवात के केंद्र का रुख अब भारत से दूर हो रहा है, लेकिन इसका असर महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में दिखाई देगा। IMD के अनुसार, चक्रवात शक्ति शनिवार शाम 5:30 बजे गुजरात के द्वारका से लगभग 580 किलोमीटर पश्चिम में केंद्रित था। इसकी दिशा पश्चिम-दक्षिणपश्चिम की ओर है और इसके 5 अक्टूबर तक उत्तर-पश्चिमी तथा उससे सटे पश्चिम-मध्य अरब सागर तक पहुंचने की संभावना है।
पूर्वानुमान के अनुसार, 6 अक्टूबर की सुबह से यह चक्रवात पूर्व-उत्तरपूर्व की ओर मुड़ेगा और धीरे-धीरे कमजोर होता जाएगा। मौसम विभाग ने 4 से 7 अक्टूबर तक मछुआरों को उत्तर-पश्चिमी अरब सागर, साथ ही गुजरात और उत्तरी महाराष्ट्र के तटों से लगे इलाकों में न जाने की सख्त सलाह दी है।
गुजरात में दिखा आंशिक असर
चक्रवात की वजह से गुजरात के कुछ हिस्सों में शनिवार को हल्की बारिश दर्ज की गई। द्वारका में सबसे अधिक 38 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे अंबाजी जैसे तीर्थ स्थानों के मुख्य बाजार जलमग्न हो गए। अहमदाबाद में भी अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा, और रविवार को शहर में हल्की बारिश की संभावना है। IMD के अनुसार, 8 और 9 अक्टूबर को दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि बाकी हिस्सों में हल्की बौछारें पड़ने की उम्मीद है।
महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट जारी
हालांकि चक्रवात 'शक्ति' भारत के तट से दूर जा रहा है, लेकिन इसकी बाहरी पट्टी के कारण महाराष्ट्र के आंतरिक क्षेत्रों में भारी वर्षा की आशंका बनी हुई है। IMD ने महाराष्ट्र के आंतरिक क्षेत्रों, विशेष रूप से पूर्वी विदर्भ और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा का अनुमान लगाया है। तीव्र बादल बनने और वातावरण में नमी बढ़ने के कारण उत्तर कोंकण के निचले इलाकों में बाढ़ की संभावना है। महाराष्ट्र सरकार ने जिला प्रशासनों को आपदा प्रबंधन प्रणालियों को सक्रिय करने, तटीय और निचले क्षेत्रों के लिए निकासी योजनाएं तैयार करने और भारी बारिश के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।