Credit Cards

Weather Updates: दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में भीषण गर्मी की मार, मुंबई-कर्नाटक में होगी बारिश

Weather Forecast: देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज अलग-अलग है। दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्य भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। दिल्ली के सफदरजंग में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है

अपडेटेड Jun 12, 2024 पर 12:20 PM
Story continues below Advertisement
Weather Updates: दिल्ली-NCR के लोगों का आज गर्मी से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं।

देश के कई इलाके भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। कई राज्यों के शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। दिल्ली में मंगलवार को यह 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिल्ली के नरेला और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मंगलवार को 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली के सफदरजंग में 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है। इस बीच मुंबई और कर्नाटक में बारिश जारी है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है।

दिल्ली हो या यूपी दोनों ही राज्यों में मानसून पहुंचने में अभी दो हफ्तों से ज्यादा का वक्त लग सकता है। ऐसे में इन दो हफ्तों में गर्मी और लू अपने तेवर दिखाने में कोई कमी नहीं छोड़ रही है।

दिल्ली में आज कैसा है मौसम का हाल


मौसम विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, सफदरजंग में मंगलवार (11 जून) को 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं नरेला में 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यहां पर तो आज भी पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार जाने का अनुमान है। बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही 13 जून तक लू का अलर्ट जारी कर दिया था। इसके साथ ही आज और कल शाम को धूल भरी आंधी के साथ गर्म हवाओं के थपेड़े भी झेलने पड़ सकते हैं। ऐसे में दिल्ली के लोगों के लिए आने वाले दो तीन दिन तो लू और भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। लिहाजा अगर कुछ जरूरी काम न हो तो घर पर ही रहने की सलाह दी गई है।

यूपी में भी आसमान से बरस रहे हैं आग के गोले

दिल्ली हो या यूपी दोनों ही जगह लोग गर्मी से बेहाल हो गए हैं। उत्तर प्रदेश के भी कई जिलों भीषण गर्मी पड़ रही है। इसके साथ ही लोगों को लू का भी सितम झेलना पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले चार पांच दिन तक लू से किसी भी तरह की राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश का तापमान 41 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। पिछले 24 घंटे में संगम नगरी प्रयागराज समूचे प्रदेश में सबसे गर्म रही जहां दिन का तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मुंबई में बारिश की संभावना

मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है। जिससे जलभराव और ट्रैफिक की समस्याएं देखने को मिली हैं। दक्षिण-पश्चिम मानसून 11 जून की सामान्य तिथि से दो दिन पहले 9 जून को मुंबई में दस्तक दे चुका है। बुधवार को मुंबई में मौसम सुहाना रहने की संभावना है। इसकी वजह ये है कि आसमान में बादल छाए रहने और गरज के साथ मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

कर्नाटक में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज (12 जून) कर्नाटक, केरल तेलंगाना में भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद इसमें कमी आएगी। IMD ने पहले ही 11 जून से 13 जून तक तटीय कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की आशका जताई थी।

Weather Updates: दिल्ली में फिर से चढ़ा गर्मी का पारा, 47 डिग्री पहुंचने के आसार, 14 जून तक लू का अलर्ट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।