Weather update: इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने भविष्यवाणी की है कि दिल्ली-NCR सहित उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों में तापमान धीरे-धीरे गिरेगा। IMD के मुताबिक, कुछ क्षेत्रों में पारा 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, "तापमान आज (29 दिसंबर) से धीरे-धीरे गिरेगा। हमें उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के कई हिस्सों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की आशंका है।" राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से दो डिग्री कम है।
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस महीने के औसत तापमान से 6 डिग्री अधिक था। IMD ने कहा कि अगले दो दिनों में पंजाब और हरियाणा में घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। डॉ. कुमार ने कहा, "हमें अगले दो दिनों तक पंजाब और हरियाणा में घने से बहुत घने कोहरे की उम्मीद है।" हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस समय दिल्ली में "शीत लहर" की उम्मीद नहीं है।
दिल्ली में 30 दिसंबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार (30 दिसंबर) को घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 18 और 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिल्ली में रविवार को शाम चार बजे 24 घंटे का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 225 दर्ज किया गया, जो 'खराब' कैटेगरी में आता है। जबकि राजधानी में शनिवार को AQI 'मध्यम' कैटेगरी में दर्ज किया गया था।
दिल्ली और हरियाणा में कड़ाके की ठंड
कश्मीर में सीजन के सबसे भारी बर्फबारी के एक दिन बाद रविवार से जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। उड़ानों का संचालन फिर से शुरू हो गया है। ट्रैफिक के लिए कई सड़कें साफ की जा चुकी हैं। वहीं, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई। कल्पा एवं कुफरी में सबसे अधिक बर्फ गिरी। नारकंडा, केलांग और राज्य के ऊंचाई वाले अन्य स्थानों में भी रविवार सुबह बर्फबारी हुआ।
राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। जबकि कई स्थानों पर घना या बहुत घना कोहरा दर्ज किया गया। कुछ स्थानों पर कड़ाके की ठंड पड़ी। हरियाणा में अधिकांश स्थानों पर दिन में कड़ाके की ठंड रही। अंबाला में अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 13.6 डिग्री, करनाल में 13 डिग्री, रोहतक में 12.2 डिग्री, सिरसा में 13.4 डिग्री और गुरुग्राम में 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब में अमृतसर में दिन का तापमान 16.7 डिग्री और लुधियाना में 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है।
राजस्थान में, कोटा में सुबह 8:30 बजे समाप्त 24 घंटे की अवधि में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि राज्य के पश्चिमी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। राज्य में सबसे अधिक तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज किया गया।